बिहार के मंत्री ने टोपी पहनने से किया इंकार
सियासी व तालिमी बेदारी कॉन्फ्रेंस के सहारे अल्पसंख्यकों के बीच नीतीश कुमार की छवि को लेकर भ्रम दूर करने आए बिहार सरकार के ऊर्जा मंत्री बिजेंद्र यादव ने सार्वजनिक मंच पर टोपी पहनने से मना कर दिया. जिसके बाद बिहार के सियासी गलियारों में चर्चा तेज हो गई कि कहीं नीतीश भी बीजेपी के रास्ते पर ही तो नहीं चल रहे हैं.
अल्पसंख्यकों के बीच जनाधार खोने की चर्चा के बीच जदयू डैमेज कंट्रोल की राजनीति के तहत सियासी व तालीमी बेदारी कॉन्फ्रेंस के सहारे अल्पसंख्यकों को शिक्षा और विकास की राजनीती से जोड़ने की कवायद कर एक बार फिर अल्पसख्यकों की रुझान पार्टी की तरफ बढ़ाना चाह रही है. जिसके लिए कद्द्वार मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव एव विधान पार्षद की उपसभापति हारुन रशीद, एमएलसी खालिद अनवर को विशेष जिम्मेदारी दी गई है. खास कर सीमांचल के इलाके में इस तरह के आयोजन का खास महत्व है, जिस पर ऊर्जा मंत्री खुद अपना और पार्टी का पक्ष रखते हुए अल्पसंख्यकों से भ्रमित न होने की सलाह दे रहे हैं.
कटिहार के सालमारी के मंच पर स्वागत के दौरान मंत्री के टोपी पहनने से इंकार करने पर एक बार फिर इसे लेकर सियासी हमला तेज हो गया है. जनचेतना मंच के अध्यक्ष मोहम्मद सलाउद्दीन ने कहा की जदयू अब भाजपा के एजेंडे पर काम कर रही है. इसलिए पहले तो मंत्री जी ने मजार में जाने के लिए मना कर दिया और फिर सार्वजनिक मंच पर अल्पसंख्यकों की आस्था से जुड़ी टोपी पहनने से इंकार कर दिया. हलांकि जदयू ने परस्थिति को समझते हुए डैमेज कंट्रोल के तौर पर बयान जारी करते हुए कहा की उन्होंने टोपी कबूल ली है, इसलिए इस पर बातें नहीं होनी चाहिए.
टोपी-तिलक को साथ लेकर चलने की दावा करने वाली जेडीयू की राजनीती भाजपा से नजदीक आने के बाद कहीं ना कहीं अल्पसंख्यकों के भरोसे पर खरा उतरने में नाकामयाब हो रही है. ऐसे में खास कर सीमांचल के इलाके में इस तरह के कॉन्फ्रेंस के द्वारा सियासी जमीन खोजने की एक कवायद है. लेकिन अब इसमें भी जदयू के सिर पर टोपी सेट होते नहीं दिख रही है.