मादा व्हाइट टाइगर ने दिया तीन शावकों को जन्म

ग्वालियर । गांधी प्राणी उद्यान यानी चिड़ियाघर में मादा व्हाइट टाइगर ने तीन शावकों को जन्म दिया है । शावकों का जन्म 28 सितंबर की आधी रात को हुआ है। जिसकी प्रेस विज्ञप्ति रविवार को जू अथॉरिटी ने जारी की। अपनी प्रेस विज्ञप्ति में गांधी प्राणी उद्यान में सफेद शेर व्हाइट टाइगर मादा मीरा के एक सफेद और दो पीले शावकों का जन्म होना घोषित किया गया है। इससे पहले मादा टाइगर मीरा ने नर टाइगर लव के साथ पहली बार शावकों को जन्म दिया है । इसलिए चिड़ियाघर प्रबंधन उनकी विशेष निगरानी और सावधानी बरत रहा है। यहां उल्लेखनीय है कि गांधी प्राणी उद्यान में 2010 में नेशनल जूलॉजिकल पार्क नई दिल्ली से व्हाइट टाइगर मादा जमुना, चिड़ियाघर में लाई गई थी। तभी से चिड़ियाघर में संरक्षित शेरों के कुनबे में बढ़ोतरी हुई है। पहली बार 2011 में दो शावक एवं 2014 में तीन शावकों का जन्म हुआ था । जो अब वयस्क हो चुके हैं । प्राणी उद्यान में नस्ल सुधार कार्यक्रम के तहत बिलासपुर जू से एक मादा को देकर दूसरी मादा भी लाई गई है । वर्तमान में मादा मीरा एवं उसके तीनों शावक स्वस्थ हैं। उनको खाने के रूप में हल्का खाना देने जैसे चिकन, सूप, दूध, उबले हुए अंडे दिए जा रहे हैं। आयुक्त विनोद शर्मा ने इस बात की खुशी जाहिर की है कि ज़ू में तीन नए मेहमान आए हैं। उन्होंने बताया कि अभी चिड़िया घर आने वाले सैलानियों को इन्हें देखने नहीं दिया जाएगा। अभी करीब 40 दिन तक इनकी विशेष देखरेख की जाती है । क्योंकि नवजात शिशुओं में संक्रमण की संभावना ज्यादा रहती है। इसके लिए विशेष सावधानी विशेषज्ञों की मदद से बरती जा रही है। ताकि वे जल्द कुछ बड़े होकर सैलानियों का मनोरंजन कर सकें।