भारत विकास परिषद का संस्कृति सप्ताह 1 अक्टूबर से परिषद ने जारी किया कार्यक्रमों का कलैंडर

ग्वालियर। भारत विकास परिषद की ग्वालियर शाखा के तत्वाधान में आगामी 1 अक्टूबर से संस्कृति सप्ताह 2018-19 का आयोजन किया गया है। शनिवार को पत्रकारों से बातचीत में ग्वालियर शाखा के अध्यक्ष ओ पी जैन, सचिव रविन्द्र अग्रवाल, सप्ताह प्रभारी आर के चोपड़ा, सप्ताह संयोजक अमित सेठी और कोषाध्यक्ष जी के सूरी ने संयुक्त रूप से बताया कि इस सात दिवसीय कार्यक्रम की शुरुआत 1 अक्टूबर को राष्ट्रीय समूहगान प्रतियोगिता के साथ फ्लैग पॉइन्ट, कटोराताल से होगी। इस कार्यक्रम की प्रभारी पूर्व महापौर समीक्षा गुप्ता होंगी। इसी कड़ी में 2 अक्टूबर को मानवता की सेवा कार्यक्रम नारायण वर्द्धाश्रम, जाग्रति नगर, लक्ष्मीगंज में, 3 व 4 अक्टूबर को क्रमशः नमकीन एवं मीठे व्यंजन प्रतियोगिता और रक्तदान-महादान कार्यक्रम विवेकानन्द सभागार, नई सड़क पर 5 अक्टूबर को निः शक्तजन दिवस सनातन धर्म मंदिर, अचलेश्वर मार्ग पर, 6 अक्टूबर को पौधारोपण एवं सेवा दिवस कार्यक्रम विवेकानन्द तिराहा, चेतक पुरी पर आयोजित किया जाएगा। आगे जानकारी देते हुए भारत विकास परिषद की ग्वालियर शाखा के पदाधिकारियों ने बताया कि संस्कृति सप्ताह 2018-19 का समापन 6 अक्टूबर की शाम को होगा। इस अवसर पर गरबा डांडिया रास एवं समापन समारोह आयोजित किया जाएगा। इस मौके पर परिषद की जिला इकाई के पदाधिकारियों ने एक कलेंडर भी जारी किया, जिसमें सम्पूर्ण संस्कृति सप्ताह 2018-19 के तिथि अनुसार कार्यक्रम प्रकाशित किये गए हैं।