हर महीने व्यापारियों की एसपी के साथ होगी बैठक, फ़ोन पर मिल रहीं धमकियों के बाद एसपी ने ली व्यापारियों की बैठक
ग्वालियर । शहर के व्यवसाईयों को आए दिन बदमाशों द्वारा अवैध वसूली हेतु मोबाइल फोन पर दी जा रहीं धमकियों से निपटने के लिए शनिवार को चेम्बर ऑफ कॉमर्स के पदाधिकारियों की पुलिस अधीक्षक नवनीत भसीन के साथ एस. पी. ऑफिस में एक बैठक आयोजित हुई । बैठक में पदाधिकारियों ने पुलिस अधीक्षक नवनीत भसीन को एक ज्ञापन सौंपकर माँग की गई कि आए दिन व्यवसाईयों को अवैध वसूली हेतु फोन पर मिल रही धमकियों से शहर के व्यवसाईयों में भय का वातावरण निर्मित हो गया है और इस प्रकार की घटनाओं से कारोबारियों में शहर की कानून-व्यवस्था पर तीव्र आक्रोश भी उत्पन्न हो रहा है ।
बैठक में पदाधिकारियों ने पुलिस अधीक्षक से माँग की कि शहर के व्यवसाईयों एवं उद्योगपतियों को आए दिन मोबाइल पर धमकी देने वाले बदमाशों को पुलिस द्वारा तत्काल गिरफ्तार किया जाए और इनके विरुद्ध कड़ी से कड़ी कार्यवाही की जाए, जिससे इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति पर सख्ती से रोक लग सके और व्यवसाई अपना कारोबार बगैर किसी भय के शांतिपूर्वक कर सकें । साथ ही, व्यवसाईयों एवं उद्योगपतियों को आए दिन दूरभाष पर मिल रही धमकियों को ध्यान में रखते हुए, उन्हेें शस्त्र लायसेंस प्रमुखता से उपलब्ध कराए जाएं क्योंकि यह आवश्यक है कि जो भी कारोबारी अपने-आपको असुरक्षित महसूस कर रहा है और आत्मरक्षार्थ हथियार लेने का इच्छुक है, तो उसे आसानी से शस्त्र लायसेंस जिला प्रशासन द्वारा मुहैया कराए जाएँ ।
इस अवसर पर पदाधिकारियों ने एस. पी. श्री भसीन से यह भी माँग की कि शहर के व्यवसाईयों के साथ प्रत्येक माह ‘चेम्बर भवन’ में मासिक बैठक का आयोजन आपकी मौजूदगी में सुनिश्चित किया जाए । ताकि व्यापारी अपनी समस्या बगैर किसी भय के आपके सम्मुख रख सकें । साथ ही, इससे अपराधियों को एक संदेश भी जाएगा कि पुलिस अधीक्षक प्रत्येक महीने में व्यापारियों के मध्य उपस्थित रहते हैं ।
पुलिस अधीक्षक, नवनीत भसीन ने चेम्बर पदाधिकारियों की उपरोक्त सभी माँगों को काफी गंभीरता से लेते हुए कहा कि शहर के व्यवसाईयों को भयभीत होने की बिल्कुल भी आवश्यकता नहीं है क्योंकि उनकी सुरक्षा की गारंटी पुलिस की है और इस कार्य को हम पूरी जिम्मेदारी के साथ करेंगे । आपने कहा कि जिस किसी भी व्यवसाई को धमकी मिलती है, उसे कतई नहीं माने और सूचना को पुलिस के साथ शेयर करें । यदि किसी व्यवसाई की थाना स्तर पर सुनवाई नहीं होती है, तो वह संबंधित क्षेत्र के सीएसपी से सम्पर्क करे और यदि सीएसपी से भी संतुष्टि नहीं मिलती है, तो सीधे मुझसे सम्पर्क करें । मैं प्रत्येक समय व्यवसाईयों की बात सुनने के लिए तैयार हूँ ।
बैठक में पुलिस अधीक्षक ने कहा कि संकट की घड़ी में पुलिस के हेल्पलाईन नं. 7049110100 अथवा 100 पर डॉयल करें । किसी भी प्रकार के अपराध, अपराधियों एवं संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पुलिस के इन हेल्प लाईन नम्बर पर दी जा सकती है । पुलिस को सूचना देने वाले का नाम गोपनीय रखा जाएगा ।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक, नवनीत भसीन ने चेम्बर पदाधिकारियों की माँग स्वीकार करते हुए, प्रति माह व्यवसाईयों की सुरक्षा संबंधी समस्याओं से रू-ब-रू होने के लिए ‘चेम्बर भवन’ में बैठक आयोजित करने का आश्वासन भी दिया ।
पुलिस अधीक्षक के साथ आयोजित बैठक में उपाध्यक्ष सुरेश बंसल, मानसेवी सचिव डॉ. प्रवीण अग्रवाल एवं कोषाध्यक्ष गोकुल बंसल, कार्यकारिणी सदस्य पारस जैन, दीपेश अग्रवाल, महेश कुमार जैन, सदस्य पवन अग्रवाल, सोना-चांदी व्यवसाई, जवाहरलाल जैन, सन्नी जैन, अभिषेक गोयल, बालकृष्ण सोनी, हरिओम गांगिल, राधेश्याम सर्राफ, नेमीचंद जैन, राम अग्रवाल, राकेश गोयल, सूरजमल सर्राफ, राजेन्द्र जैन आदि शामिल थे ।