देश तब महान बनेगा, जब 130 करोड़ लोगों का उत्थान होगा : श्री नायडू

ग्वालियर। देश के उप राष्ट्रपति वेंकैया नायडू का कहना है कि देश तब महान बनेगा जब 130 करोड़ लोगों का उत्थान होगा। उन्होंने कहा राजनीति के कारण लोग गांव से शहर की ओर भाग रहे हैं, हमें इस खाई को पाटकर एक नया मॉडल स्थापित करना है। ताकि शहर की तरह ग्रामीण क्षैत्र भी विकसित हों। उप राष्ट्रपति श्री नायडू का कहना है जिन 75 स्कूलों को हम आज डिजिटलाइज कर रहे हैं एक उदाहरण बने। श्री नायडू यह बातें शनिवार को ग्वालियर व्यापार मेला के फैसिलिटेशन सेंटर में आयोजित "मेरा स्कूल डिजिटल स्कूल" के शुभारंभ अवसर पर मुख्य अतिथि की आसंदी से कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कहीं। उन्होंने कहा कि यह भले ही छोटा कार्यक्रम है, लेकिन इसका महत्त्व बड़ा है। इसलिए मैंने नरेंद्र सिंह तोमर के आमंत्रण को स्वीकार किया। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश की जनता सब के साथ मिलकर इसका श्रेय ले और आगे बढ़े। इसमें शिक्षकों और अभिभावकों की भी जिम्मेदारी है कि वह बच्चों की शिक्षा में अपना सहयोग करें।इस मौके पर उन्होंने पांच बिंदु मां, जन्म भूमि, मातृभाषा, देश और गुरु की अहमियत बताते हुए कहा कि इन्हें कभी ना भूलते हुए इनका विशेष ख्याल रखें। उन्होंने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने डिजिटल क्रांति के साथ ही स्वछता, बेटी बचाओ,बेटी पढ़ाओ,पेड़ लगाओ, स्किल इंडिया सहित कई नारे दिए हैं जिन पर योजनाएं बनाई गई हैं जरूरत है आमजन इन पर अमल करें, तभी देश का विकास संभव हो सकेगा। श्री नायडू ने कहा कि डिजिटल स्कूलों में बच्चे विज्ञान, गणित और अंग्रेजी की पढ़ाई करेंगे और देश को आगे बढ़ाने में सहायक होंगे। इससे पहले कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि वैसे उपराष्ट्रपति का कार्यक्रम 2 माह पूर्व मिलता है, लेकिन इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम के लिए श्री नायडू ने मुंबई के व्यस्त कार्यक्रम से कुछ समय निकालकर यहां आना स्वीकार किया। यह बड़ी बात है। उन्होंने इसके लिए श्री नायडू और कार्यक्रम में सहयोग करने पर हिंदुस्तान जिंक के सीईओ सुनील दुग्गल एवं मुस्कान फाउंडेशन के सीईओ अभिषेक दुबे का विशेष आभार माना। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि उप राष्ट्रपति वेंकैया नायडू ने मां सरस्वती की तस्वीर के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर की। कार्यक्रम में मंचासीन अतिथियों में प्रदेश की मंत्री माया सिंह, जयभान सिंह पवैया, महापौर विवेक शेजवलकर,विधायक भारत कुशवाहा, जिला पंचायत अध्यक्ष मनीषा भुजबल यादव, हिंदुस्तान जिंक के सीईओ सुनील दुग्गल, मुस्कान फाउंडेशन के सीईओ अभिषेक दुबे उपस्थित रहे। इस मौके पर बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे, उनके अभिभावक एवं शहर के गण्यमान्य नागरिक मौजूद थे। कार्यक्रम के अंत में स्वच्छता पखवाड़े के तहत उपस्थित अतिथियों को केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने शपथ दिलाई।