मंदिर निर्माण होकर रहेगा, यह उम्मीद धीरे-धीरे मजबूत होती जा रही है : महंत नृत्य गोपाल दास महाराज

अयोध्या । दि एक्यूजिशन एक्ट आफ सरटेन एरिया आफ अयोध्या को चुनौती देने वाली इस्माईल फारुखी बनाम यूनियन आफ इंडिया से सम्बन्धित याचिका में सुप्रीम कोर्ट की ओर से वर्ष 1994 में दिए गए फैसले को सात जजों की बेंच को भेजने की मुस्लिम पक्ष की मांग को सुप्रीम कोर्ट की ओर से गुरुवार को खारिज करने के फैसले पर संतों के साथ विहिप ने भी प्रतिक्रिया दी है। विहिप ने कहा कि इस फैसले से मंदिर निर्माण को बल मिलेगा। अब मस्जिद समर्थकों को बेवजह की जिद छोड़ देनी चाहिए। मंदिर निर्माण और न्यायालय से आये फैसले के प्रत्येक पहलुओं पर अब पांच अक्टूबर को दिल्ली में संत उच्चाधिकार समिति की बैठक में चर्चा होगी। गुरुवार के सुप्रीम फैसले के बाद श्रीराम जन्मभूमि न्यास अध्यक्ष और मणिराम दास छावनी के महंत नृत्य गोपाल दास महाराज ने कहा कि मंदिर निर्माण होकर रहेगा, यह उम्मीद धीरे-धीरे मजबूत होती जा रही है। सुप्रीम कोर्ट का आज का निर्णय मंदिर निर्माण में बाधक बने लोगों को अक्श दिखाने वाला है। ऐसे लोगों को अब स्वत: इस विवाद से हटकर मंदिर निर्माण में सहयोगी बन जाना चाहिए। श्रीराम जन्मभूमि न्यास के सदस्य महंत सुरेश दास ने कहा कि नमाज इस्लाम का हिस्सा है पर मस्जिद का नहीं परन्तु देवी-देवताओं की मूर्ति मंदिर का अटूट हिस्सा है जिसे अब मुस्लिमों को स्वीकार कर लेना चाहिए। मणिराम दास छावनी के उत्तराधिकारी महंत कमल नयन दास महाराज ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट का आज का निर्णय मंदिर निर्माण के मार्ग को बल प्रदान करेगा। हिन्दुओं की आस्था को खंडित करने का प्रयास जो लगातार चलता आ रहा उस पर कहीं न कहीं यह निर्णय प्रभाव डाल कर उसे कुंद करेगा। विहिप के केन्द्रीय सलाहकार पुरुषोत्तम नारायण सिंह ने कहा कि मस्जिद में नमाज कोई आवश्यक नहीं है। नमाज जब कहीं भी जब पढ़ी जा सकती है तो श्रीराम जन्मभूमि को विवादास्पद बनाना मुस्लिमों के हित में उचित नहीं है। यह निर्णय भविष्य को बल प्रदान करने वाला सिद्ध होगा। सनकादिक आश्रम पीठाधीश्वर व संत समिति के अध्यक्ष महंत कन्हैया दास ने कहा कि यह फैसला लकीर पीटने वालों के लिए विचारणीय है। हिन्दुओं को मंदिर निर्माण करने से कोई नहीं रोक सकता है। भगवान श्रीराम भी चाहते हैं इसीलिये उनके सेवक बाधाओं को धीर-धीरे दूर कर रहे हैं। विहिप के प्रान्तीय मीडिया प्रभारी शरद शर्मा ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि इस फैसले से मंदिर निर्माण को बल मिलेगा तथा मस्जिद समर्थकों को बेवजह की जिद छोड़ देना चाहिए। उन्होंने बताया कि मंदिर निर्माण और न्यायालय से आये इस फैसले के प्रत्येक पहलुओं पर अब पांच अक्टूबर को दिल्ली में संत उच्चाधिकार समिति की बैठक में मंथन कर व्यापक रणनीति बनायी जायेगी।