सुनील शर्मा ने शक्ति प्रदर्शन के साथ दी मजबूत दावेदारी

ग्वालियर। विशाल जनपंचायत का आयोजन कर कांग्रेस के प्रदेश सचिव सुनील शर्मा ने ग्वालियर विधानसभा क्षेत्र से मजबूती के साथ अपनी दावेदारी दे दी है। शुक्रवार को मनोरंजनालय प्रांगण से सुनील ने हुंकार भरते हुए प्रदेश सरकार को खूब कोसा। उनका साथ देने के लिए मंच साझा किया, कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष अशोक सिंह और जिलाध्यक्ष देवेंद्र शर्मा ने। सुनील लंबे वक्त से उपनगर ग्वालियर में कांग्रेस का झंडा बुलंद किये हैं। तमाम बार विभिन्न मांगों को लेकर धरने, प्रदर्शन के जरिये क्षेत्रीय लोगों से जुड़े रहे हैं। पर अब तक उनकी सुनवाई नहीं हुई है। इसी वजह से जनपंचायत कर उन्होंने अपना जनाधार तो दिखा दिया है लेकिन किस-किसने देखा, पता नहीं है। मांग भी उनकी बाजिब है महिलाओं की सम्मान सुरक्षा निधि 2500 रु. महीना की जाए। सच्चाई है इतनी महंगाई में इससे कम में काम चलना संभव नहीं है और उपनगर ग्वालियर में निर्धन एवं मजदूर वर्ग की महिलाओं की बहुलता है। खैर, सुनील के भाग्य का फैसला आने वाले समय में होगा। जब कांग्रेस अपने प्रत्याशियों का ऐलान करेगी। बहरहाल मुकाबला दिलचस्प ही नहीं कांटे का है। जिसकी चुगली तस्वीर में नजर आ रही भीड़ कर रही हैं।