पूर्व विधायक के बेटे पर दुष्कर्म का मामला दर्ज

ग्वालियर। शिवपुरी जिले के करैरा से बीजेपी के पूर्व विधायक रमेश खटीक के बेटे चेतन खटीक के खिलाफ सिरोल थाना पुलिस ने दुष्कर्म का मामला दर्ज किया है। सिरोल थाना की उपनिरीक्षक शैल्जा सिंह ने बताया कि शिवपुरी निवासी युवती का आरोप है कि चेतन खटीक ने विगत 21 अगस्त को उसे नौकरी देने और रहने का भरोसा देकर ग्वालियर बुलाया था। ग्वालियर पहुंचने पर सिरोल इलाके में चेतन ने उसे कार में बैठाया और फिर धमकाकर दुष्कर्म किया। दुष्कर्म के बाद चेतन ने उसे धमकी देकर चुप रहने को कहा था। लेकिन गुरुवार को पीड़िता सिरोल थाने पहुंची और चेतन के खिलाफ रेप का मामला दर्ज कराया। पुलिस के मुताबिक आरोपी चेतन खटीक शिवपुरी जिले के नरवर स्थित मगरौनी गांव का रहने वाला है। बताया गया है चेतन के पिता रमेश खटीक करैरा के पूर्व विधायक है। गौरतलब है कि आरोपी चेतन शिवपुरी जिले की नरवर से जनपद सदस्य है, और बड़ा भाई मुकेश खटीक नरवर जनपद का अध्यक्ष है। चेतन के पिता पूर्व विधायक रमेश खटीक आगामी विस् चुनाव में टिकिट के प्रबल दावेदार हैं। ऐसे मामला हाईप्रोफाइल होने के चलते पुलिस जांच में जुट गई है।