डकैत मलखान सिंह के जीवन पर बनी फिल्म रिलीज, केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने देखा फ़िल्म का प्रीमियर शो

ग्वालियर। चंबल की धरती पर आतंक का पर्याय रहे डकैत मलखान सिंह के बागी जीवन पर बनी " बागी सम्राट दद्दा-मलखान सिंह चम्बल रोबिन हुड " की शुक्रवार को फ़िल्म रिलीज हुई। फिल्म का प्रीमियर ग्वालियर के डिलाइट सिनेमा घर में हुआ। फिल्म के प्रीमियर के दौरान ग्वालियर के सांसद और केंद्रीय ग्रामीण विकास,पंचायती राज और खनन मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने दीप प्रज्ज्वलित कर इसका शुभारंभ किया। इस अवसर पर मध्य प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री जयभान सिंह पवैया भी उपस्थित रहे। केंद्रीय मंत्री श्री तोमर ने इस अवसर पर फिल्म की पूरी यूनिट ऑटिस्टो के साथ फिल्म को देखा। डकैत मलखान सिंह के जीवन पर आधारित इस फिल्म में आत्मसमर्पित डकैत मलखान सिंह ने भी भूमिका निभाई है। 60-70 के दशक में चंबल के बीहड़ में मलखान सिंह ने अपना बागी जीवन गुजारा था। उस वक्त डकैत मलखान सिंह से दो- दो हाथ करना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती थी। पूरी फिल्म देखने के बाद केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने फिल्म के बाद उसकी तारीफ की।