बंद को लेकर जिला प्रशासन सतर्क, वॉलमार्ट, फिलिप्कार्ट और एफडीआई को लेकर नाराज हैं कारोबारी, धारा 144 के बीच शहर में बंद

ग्वालियर। शहर में धारा 144 लागू होने के बावजूद शुक्रवार को होने वाले बंद के मद्देनजर प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली है। वहीं कारोबारियों ने भी कैट के आह्वान पर बंद को सफल बनाने के लिए रणनीति तैयार कर ली है। जिला प्रशासन ने बंद का आह्वान करने वाले कारोबारियों के साथ मीटिंग की है। उन्हें शहर में धारा 144 के मद्देनजर और ग्रुप बनाकर शहर में नहीं निकलने की सलाह दी गई है। इस पर कारोबारियों ने कहा है कि वे चार या पांच की संख्या में ही लोगों के पास जाएंगे और अपने संस्थान बंद करने की अपील करेंगे। पिछले 1 महीने से जारी विरोध प्रदर्शनों के चलते सोमवार को जिला प्रशासन ने जिलेभर में निषेधाज्ञा जारी की है। इसे लेकर व्यापारियों को सलाह दी गई है कि वे समूह के रूप में बाजार में ना निकले और ना ही जबरन किसी से उनकी दुकान या कारोबार बंद कराने की कोशिश करें। कारोबारियों ने प्रशासन को भरोसा दिलाया है कि उनका बंद शांतिपूर्ण है ।गौरतलब है कि बहुराष्ट्रीय कंपनियों जैसे वालमार्ट फ्लिपकार्ट और देश में विदेशी पूंजी निवेश यानी एफडीआई को लागू करने के विरोध में देश भर के व्यापारी आक्रोशित हैं और केंद्र सरकार से अपने फैसले पर पुनर्विचार करने की मांग कर रहे हैं। व्यापारियों का कहना है कि यदि सरकार ने उनकी बात नहीं मानी तो दिसंबर में देशभर के कारोबारी दिल्ली में जुड़ेंगे और सरकार के सामने प्रदर्शन करेंगे।