खेल खेल में बालिका ने लगाई फांसी, छठवीं में पढ़ती थी बच्ची, तीन महीने पहले हुई थी पिता की मौत

ग्वालियर। शहर के पड़ाव थाना क्षेत्र के गुजराती मोहल्ले में गुरुवार देर शाम एक परिवार में उस समय मातम छा गया जब 11 साल की स्कूली छात्रा रुचि उर्फ राधिका ने फांसी लगा ली। बालिका की मां और दादी घर में नीचे काम में व्यस्त थी। राधिका ऊपर खेल रही थी ।ऊपर के कमरे में दरवाजे के बीच लगे सरिए पर उसने दुपट्टे से फंदा बनाया और उस पर झूल गई ।नीचे प्लास्टिक का टब रखा मिला है ।आशंका जताई जा रही है कि इसी टब को नीचे से हटाकर राधिका ने फांसी लगाई है ।लेकिन राधिका ने फांसी खेल खेल में लगाई है अथवा 3 महीने पहले मृत अपने पिता की याद में लगाई है। इसका खुलासा नहीं हुआ है। घरवालों के मुताबिक 3 बच्चों में दूसरे नंबर की राधिका पढ़ने में होशियार थी। और पढ़ाई के अलावा खेलकूद में भी रुचि लेती थी। चर्चा यह भी है कि राधिका ने खेल खेल में फांसी का फंदा तैयार किया और उस पर उत्सुकता वश झूलने की कोशिश की लेकिन यह कोशिश जानलेवा साबित हुई। 3 महीने पहले ही राधिका के पिता की मौत हो गई थी। वह अपनी मां और दादी के साथ रहती थी, और कक्षा 6 की छात्रा थी। पड़ाव पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है।