चर्चा "संबल" की : ममतामयी संबल ने हमें टूटने से बचा लिया

परिवार के मुखिया एवं कमाऊ सदस्य पूरे परिवार के लिये बड़े दरख्त सदृश्य होते हैं। उनकी छाया में पूरा परिवार अपने आप को हर तरह से सुरक्षित महसूस करता है। जिस तरह किसी बड़े पेड़ के गिर जाने से उस पर बने घोंसले में रह रहे पक्षियों के चूजे अनाथ हो जाते हैं। उसी तरह मानव समाज में किसी परिवार के कमाऊ सदस्य के असमय निधन से पूरा परिवार अपने आप को अनाथ महसूस करता है। यही हाल मीरा सोनी का हो गया, जब उनके पति दुर्घटना में काल-कलवित हो गए। सरकार ने शोकाकुल परिवार को जब ममतामयी संबल दिया तो परिवार में संकट की इस घड़ी से जूझने का जज्बा पैदा हो गया। उप नगर ग्वालियर के नौमहला क्षेत्र के निवासी अशोक सोनी की दुर्घटना में मृत्यु हो जाने से उनकी पत्नी श्रीमती मीरा सोनी टूट गईं। पति की कमाई से ही परिवार की गाड़ी चल रही थी। एक ओर पति के चले जाने का दु:ख तो दूसरी ओर रोजी-रोटी का संकट। जब कहीं से भी सहारा नजर नहीं आ रहा था, तब मध्यप्रदेश सरकार द्वारा संचालित मुख्यमंत्री जनकल्याण (संबल) योजना ने उन्हें सहारा दिया। उनके पति अशोक ने इस योजना में अपना पंजीयन करा लिया था। नौमहला स्थित नगर निगम के क्षेत्रीय कार्यालय परिसर में आयोजित हुए शिविर में उच्च शिक्षा मंत्री जयभान सिंह पवैया ने संबल योजना के तहत जब मीरा को चार लाख रूपए की अनुग्रह राशि का स्वीकृति पत्र सौंपा तो उनकी आँखें भर आईं। ऐसा ही हाल विजय सिंह तोमर, भारती कुशवाह, प्रभा यादव, बेबी बाथम व विपिन शुक्ला का था। उच्च शिक्षा मंत्री श्री पवैया ने मध्यप्रदेश सरकार की ओर से इन सभी को 2 - 2 लाख रूपए की अनुग्रह राशि मुहैया कराई। इनमें से किसी की माँ, किसी के पिता, किसी के पति तो किसी के भाई असमय इस दुनिया से विदा हो गए थे। ये सभी संबल योजना में पंजीकृत थे। मीरा, विजय व विपिन का कहना था कि हमारे परिजन तो अब नहीं लौटेंगे पर संकट की घड़ी में यह इमदाद पाकर हम सब ऐसा महसूस कर रहे हैं कि मध्यप्रदेश सरकार हमारे घर की मुखिया बन गई है। सरकार की ओर से मिले ममतामयी संबल ने हम सबको टूटने से बचा लिया। हितेन्द्र सिंह भदौरिया