वेदों से ही भारत की भारतीयता : स्वामी रामदेव

नई दिल्ली। वेदों से ही भारत की भारतीयता है। वेद में सारी सृष्टि का विधान है। वेदों के अध्ययन से आत्मज्ञान, ब्रह्मज्ञान, जीवन ज्ञान व सर्व विज्ञान का अध्ययन हो जाता है। इसलिए वेद के नाम पर भेद की बातें करने वाले लोगों का बहिष्कार किया जाना चाहिए। ये बातें योग गुरु स्वामी रामदेव ने मंगलवार को लोधी रोड स्थित चिन्मय मिशन हॉल में आयोजित भारतात्मा अशोकजी सिंघल वैदिक पुरस्कार.2018 वितरण समारोह में बतौर मुख्य अतिथि कही।
 
उन्होंने कहा कि कुरान व बाइबल में बहुत सी अच्छी बातें हैं। इन्हें धार्मिक पुस्तक कहा जा सकता है लेकिन इन्हें धर्मग्रंथ नहीं कह सकते हैं। रामदेव ने कहा कि वेदों को मजहब से ऊपर उठकर देखना चाहिए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को चाहिए कि वे देश में वेद आधारित शिक्षा प्रणाली लागू करें। वह गोहत्या रोकना भी सुनिश्चित करें। देश में बाइबल के बजाय वेदों के आधार पर कैलेंडर तैयार किए जाने चाहिए।
 
रामदेव ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री व राष्ट्रपति वेद पर हाथ रखकर शासन करें तो वेद को संविधान में भी सम्मान प्राप्त होगा। हमारे देश में अगर मस्जिद में नमाज पढ़वाने वाले मौलवियों को सरकार वेतन दे सकती है तो वैदिकों को वेतन क्यों नहीं दिया जा सकता है। रामदेव ने वैदिक शिक्षा के लिए आजीवन काम करने के लिए विश्व हिंदू परिषद के पूर्व अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष स्व. अशोक सिंघल की प्रशंसा की।