पार्षद को गरियाने का वीडियो हुआ वायरल, पानी की समस्या से परेशान युवक ने सुनाई पार्षद को खरी खरी

ग्वालियर। लगता है आजकल नेताओं के दिन खराब चल रहे हैं। जिसे देखो वही इन्हें गरिया रहा है। ऐसा ही एक मामला अपने शहर ग्वालियर में सामने आया है जहां एक क्षेत्रीय पार्षद को पानी की समस्या से परेशान युवक ने इस कदर दुत्कारा कि पार्षद ने पलट कर भी नहीं देखा, अपनी गाड़ी उठाकर मौके से निकलने में ही अपनी भलाई समझी। मामला वार्ड 36 के जीवाजी गंज स्थित सूबे की पाएगा के सिकरवारी मोहल्ले का है। यहां बता दें खेमचंद गुरुवाणी वार्ड 36 से बीजेपी पार्षद है। मंगलवार शाम पार्षद साहब टिपटॉप होकर अपनी एक्टिवा से क्षेत्र का भ्रमण करने निकले थे। इसी बीच सिकरवारी मोहल्ले में उनका सामना एक स्थानीय युवक से हो गया। युवक पेयजल समस्या से परेशान था। कई दफा अपनी समस्या से शायद पार्षद जी को अवगत भी करा चुका होगा। जब उसकी समस्या का समाधान नहीं हुआ तो अपने सामने खड़े पार्षद को देखकर उसका गुस्सा सातवें आसमान पर था। उसने पार्षद गुरुवाणी को जमकर खरी खरी सुनाईं। वीडियो में युवक कहता सुना जा सकता है "पार्षद हो तो कुछ भी करोगे, चुनाव आ रहे हैं सब ठीक हो जाएंगे"।आखिरकार पार्षद ने मौके से निकलने में ही भलाई समझी। उन्होंने अपनी एक्टिवा स्टार्ट की और सीधे निकल लिए। किसी ने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया और उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। "सीधा संवाद" ने जब पार्षद खेमचंद गुरुवाणी से बात की तो उनका कहना है जब से वीडियो वायरल हुआ है कई लोगों के फ़ोन आ रहे हैं। गुरुवाणी का मानना है चुनाव करीब आ गए हैं इसलिए लोग दबाब बना रहे हैं। कुलमिलाकर वायरल वीडियों खूब धूम मचा रहा है। बकौल पार्षद साहब अब तक 2000 लोग देख चुके हैं।