लंबी खामोशी के बाद फिर याद आई परिवहन विभाग को स्कूल बसों की, 60 से ज्यादा बसों की चेकिंग में ज्यादातर मिली अनफिट
ग्वालियर । परिवहन विभाग ने मंगलवार को औचक कार्रवाई करते हुए शहर की सड़कों पर दौड़ रहीं स्कूल बसों का निरीक्षण किया। शिवपुरी लिंक रोड पर करीब 5 घंटे चली चेकिंग कार्यवाही में 60 से ज्यादा बसो का निरीक्षण किया गया। कार्यवाही के दौरान अधिकांश स्कूल बसों में खामियां पाईं गईं। मसलन, स्कूल बस का निर्धारित गति में संचालन ना होना, रीमोल्ड टायरों का इस्तेमाल, खिड़की के टूटे कांच, इत्यादी। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि 15 साल से ज्यादा पुरानी बसें 60 किलोमीटर प्रति घंटा की स्पीड पर चलती देखी गई । जबकि नई बसें 50 किलोमीटर प्रति घंटे की निर्धारित स्पीड से ज्यादा 75 किलोमीटर की स्पीड पर दौड़ रही थीं। निरीक्षण दल का मानना है नई बसों में स्पीड गवर्नर इनबिल्ट आ रहे हैं बावजूद इसके इतनी बड़ी चूक कहां हो रही है। इसी के मद्देनजर परिवहन विभाग ने सम्बंधित बस ऑपरेटरों को नोटिस जारी किए हैं। साथ ही तब तक इन बसों को आफ रोड कर दिया है जब तक संतोषजनक जबाब विभाग को नहीं मिल जाता। जिला परिवहन विभाग के आरटीओ एम पी सिंह का कहना है कि अभी यह कार्रवाई एक ही स्कूल की बसों पर की गई है। इसके अलावा दूसरे स्कूलों की बसों का भी आकस्मिक निरीक्षण किया जाएगा। उनमें कमी या खामी पाए जाने पर आवश्यक कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने बच्चों के अभिभावकों से अपील की है वे सुप्रीम कोर्ट , हाई कोर्ट,स्कूल शिक्षा विभाग ,सीबीएसई बोर्ड और परिवहन विभाग के शर्तों के अनुरूप ही सड़क पर दौड़ रही बसों में अपने बच्चों को भेजें। किसी के झांसे में या लालच में अपने बच्चों का भविष्य खतरे में ना डालें।