एससीएसटी संशोधित एक्ट का विरोध कर रहे सवर्ण समाज से कार्यकर्ता गिरफ्तार, केंद्रीय मंत्री के पोस्टर पर पोती कालिख, 10 से ज्यादा गिरफ्तार

ग्वालियर। एससी एसटी एक्ट के विरोध में सपाक्स और सवर्ण समाज का विरोध प्रदर्शन बढ़ता जा रहा है। रविवार को ग्वालियर के मेला परिसर में मृगनयनी गार्डन में स्थित किसान सम्मेलन में पहुंचे केंद्रीय मंत्री नरेंद्र तोमर को एक बार फिर आरक्षण विरोधियों का आक्रोश झेलना पड़ा । कार्यक्रम बलराम जयंती के मौके पर किसानों को सम्मानित करने का था ।यहां केंद्रीय मंत्री नरेंद्र तोमर मुख्य अतिथि के रुप में शामिल होने आए थे। जैसे ही आरक्षण विरोधियों को उनके वहां पहुंचने की जानकारी मिली। वह अपने साथियों के साथ वहां पहुंच गए और कार्यक्रम में घुसने की कोशिश करने लगे। इस पर वहां पहले से तैनात पुलिस बल ने उन्हें खदेड़ दिया। इस दौरान पुलिस से आरक्षण विरोधियों की झड़प भी हुई। बाद में पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे कुछ लोगों को गिरफ्तार कर लिया । इस पर कुछ लोगों ने विरोध जताया पता चला है कि बीजेपी के कार्यकर्ता भी इस दौरान वहां आ गए थे उन्होंने आरक्षण विरोधियों के साथ धक्का-मुक्की भी की है। विरोध के बीच आरक्षण विरोधियों ने मेला परिसर में लगे नरेंद्र तोमर के पोस्टर पर कालिख पोती और अपने आक्रोश का इजहार किया। पुलिस ने कई कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया है।