स्वाइन फ्लू से कारोबारी को मौत, एक सप्ताह से था बीमार, स्वास्थ विभाग का अलर्ट
ग्वालियर। शहर के दौलतगंज क्षेत्र में रहने वाले एक कारोबारी जगदीश प्रसाद गोयल की स्वाइन फ्लू से मौत हो गई है। एक सप्ताह पहले उन्हें सर्दी जुकाम कि शिकायत के चलते अस्पताल में भर्ती कराया गया था। लेकिन जब हालत में कोई सुधार नहीं हुआ तो उनका ब्लड सैंपल लिया गया। जिस में स्वाइन फ्लू पॉजिटिव आया। इस रिपोर्ट के बाद घरवाले उन्हें दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में ले गए थे लेकिन इलाज के दौरान उन्होंने शनिवार रात दम तोड़ दिया। इस सीजन में स्वाइन फ्लू से किसी व्यक्ति की यह पहली मौत है ।जगदीश प्रसाद गोयल दौलतगंज में गौड नर्सिंग होम के बगल में रहते थे। परिजन उनके शव को लेकर दिल्ली से रवाना हो चुके हैं। देर शाम तक उनके ग्वालियर पहुंचने की संभावना है। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि जगदीश प्रसाद के ब्लड सैंपल पॉजिटिव होने के बाद उनके घर स्वास्थ विभाग की टीम को भेजा गया था और आसपास लोगों को अलर्ट भी किया गया था। स्वास्थ विभाग का कहना है कि सर्दी जुकाम और जोड़ों में दर्द के साथ सांस लेने में परेशानी होने पर तुरंत चिकित्सीय परामर्श लें। क्योंकि यह स्वाइन फ्लू भी हो सकता है। इससे पहले 2017 में 27 स्वाइन फ्लू के मरीज मिले थे इनमें 4 लोगों की मौत हुई थी। ग्वालियर चंबल संभाग में दिनोंदिन स्वाइन फ्लू डेंगू और वायरल इन्फेक्शन से जुड़ी बीमारियों में मौतों का आंकड़ा निरंतर बढ़ता जा रहा है ऐसे में स्वास्थ्य विभाग द्वारा किए जा रहे प्रयास नाकाफी मालूम होते हैं। स्वास्थ्य अधिकारी का कहना है कि उन्होंने मुरार जिला अस्पताल में स्वाइन फ्लू के लिए आइसोलेशन वार्ड बनाया है वहां रोजाना कोल्ड ओपीडी लगाई जा रही है ।जिसमें मरीजों का इलाज किया जा रहा है।