17 सितम्बर को राहुल गांधी करेंगे भोपाल में रोड शो, होगा कांग्रेस का चुनावी शंखनाद

भोपाल। सूबे में आगामी चुनावों की तैयारियां तेज हो गई हैं। आम आदमी पार्टी ने अपने एक सैकड़ा से ज्यादा उम्मीदवारों की घोषणा कर दी | जबकि प्रमुख राजनीतिक दल अब फर्राटा भरने को तैयार हैं।एक तरफ बीजेपी 25 सितंबर को कार्यकर्ता महाकुम्भ का आयोजन कर चुनाव का बिगुल फूंकेगी, इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई केंद्रीय मंत्री और दिग्गज नेताओं का जमावड़ा भोपाल में लगेगा| वहीं दूसरी तरफ 17 सितंबर को कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी भोपाल में एक रोड शो करके चुनावी प्रचार अभियान का श्री गणेश करेंगे। जानकार मान रहे हैं यही से कांग्रेस आगामी विस् चुनाव का शंखनाद करेगी। वह 17 सितंबर को भोपाल आएंगे, जहां वह कार्यकर्ताओं में आगामी चुनाव को लेकर जोश भरेंगे साथ ही रोड शो भी करेंगे। राहुल गांधी भोपाल में लालघाटी से रोड शो की शुरूआत करेंगे, यह रोड शो पीर गेट, वीआईपी रोड, पॉलीटेक्निक चौराहे,एमपी नगर, कस्तूरबा नगर चौहारे से होते हुए भेल दशहरा मैदान पहुंचेगा, यहां राहुल गांधी कांग्रेस कार्यकर्ताओं के सम्मेलन को संबोधित करेंगे। माना जा रहा है कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी 12 बजकर 45 मिनट पर भोपाल एयरपोर्ट पहुंचेंगे| राजाभोज विमानतल से वे 1 बजे सड़क मार्ग से लालघाटी पहुंचेंगे, जहां से बस के जरिए रोड शो शुरू करेंगे| इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा जगह-जगह राहुल गांधी का स्वागत किया जाएगा। रोड शो के बाद शाम 4 बजे राहुल गांधी भेल दशहरा मैदान में एक विशाल कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करेंगे। सम्मेलन के बाद 6.30 बजे कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष दिल्ली रवाना हो जाएंगे | सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार राहुल गांधी के स्वागत के लिए शहर में 24 स्वागत द्वार बनाए जाएंगे। जहां वे ना सिर्फ आम जनता से रुबरू होंगे वहीं उनका भव्य स्वागत भी किया जाएगा। कांग्रेस पार्टी ने भेल दशहरा मैदान में ज्यादा भीड़ न हो इसलिए लालघाटी चौराहे पर इंदौर, उज्जैन, सीहोर, आष्टा, नरसिंहगढ़, गुना और राजगढ़ से आने वाले कार्यकर्ताओ के लिए पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के स्वागत करने का इंतजाम किया है। इसी तरह महिला कांग्रेस की पदाधिकारी प्रदेश कांग्रेस कार्यालय के सामने और आईएसबीटी पर इटारसी और होशंगाबाद की ओर से आने वाले लोग स्वागत कर सकेंगे।