ननि परिषद की बैठक में हंगामा, स्मार्ट सिटी, अमृत योजना और संधारण कार्यो में लेटलतीफी पर बिफरा विपक्ष, बैठक 17 सितम्बर तक के लिए हुई स्थगित

ग्वालियर। नगर निगम परिषद की विशेष बैठक में जर्जर सड़कें, अमृत योजना और स्मार्ट सिटी के कार्यों में बरती जा रही अनियमितता और वित्तीय गड़बड़ियों को लेकर जमकर हंगामा हुआ। तीन घंटे तक इन्हीं मुद्दों पर चर्चा होती रही लेकिन नतीजा कुछ नहीं निकला। आखिरकार बैठक को 17 सितंबर तक के लिए स्थगित कर दिया गया। विपक्ष ने आरोप लगाया कि उनके पार्षदों की बात नगर निगम अधिकारी सुनते नहीं है। इस पर सत्तारूढ़ दल भाजपा के ही कुछ पार्षदों ने उनके सुर में सुर मिलाये और कहा कि जब अधिकारी हमारी नहीं सुनते तो आपकी क्या सुनेंगे । विपक्ष ने तो यहां तक कहा कि ग्वालियर के केंद्रीय मंत्री और तीनों स्थानीय मंत्रियों के इशारे पर नगर निगम के अफसर और ठेकेदार काम कर रहे हैं। इनके गठजोड़ के कारण शहर का विकास नहीं हो पा रहा है। आम लोग परेशान हैं। लेकिन नगर निगम के अफसर अपने आकाओं के आशीर्वाद के कारण जनता के कामों की अनदेखी कर रहे हैं। प्रमुख विपक्षी दल कांग्रेस ने कहा कि ठेकेदार अफसर और मंत्रियों के गठजोड़ के कारण पार्षदों की सुनवाई नहीं हो रही है। पूरी शहर की सड़कें गड्ढों में तब्दील हो गई है। वही स्मार्ट सिटी योजना में नित नए एजेंडे सामने आते हैं पर धरातल पर काम नजर रहा है। कोई ठोस रणनीति अभी तक नहीं बनाई गई है। वहीं अमृत योजना को लेकर विपक्ष ने सत्तारूढ़ भाजपा की खिंचाई की। विपक्ष चाहता था कि गंदे पानी, स्मार्ट सिटी योजना और विकास कार्यों को लेकर अलग से सम्मेलन बुलाया जाए। काफी देर तक हो हल्ला मचता रहा। बाद में सभापति ने विशेष सम्मेलन बुलाने की बात मानी। परिषद का समय खत्म होने पर इसे अब 17 सितंबर तक के लिए टाल दिया गया है।