एक घंटे तक अटकी रही सबकी सांसें ,ग्रामीण की दिलेरी और पुलिस के प्रयासों से बची मासूम की जान, बोरवेल में गिरा था 2 साल का बॉबी

ग्वालियर । कहते हैं कि जाको राखे साइयां मार सके ना कोय, ईश्वर करे सभी की किस्मत बॉबी रावत जैसी हो ।मासूम बॉबी रावत सिर्फ 2 साल का है और शुक्रवार शाम जब वह अपनी मां के साथ खेत पर गया था। तभी एक हादसे की चपेट में आ गया। बताया जा रहा है बॉबी 20 फुट गहरे बीरबल में गिर गया। इसके बाद एक घंटे जो हुआ उससे ग्रामीणों की साँसे अटकीं रही। पुलिस और एक साहसी ग्रामीण के संयुक्त प्रयासों से बॉबी को सकुशल बोरबेल से बाहर निकाल लिया गया। इसके बाद मौके पर मौजूद बॉबी के परिजन एवं ग्रामीण खुशी से झूम उठे। 
 
पुलिस के मुताबिक़, भितरवार थाना अंतर्गत बामरोल गाँव के रहने वाले उम्मेद सिंह रावत का 2 साल का बेटा बॉबी अपनी माँ ममता के साथ मवेशी चराने खेत में जा रहा था। तभी 20 फुट गहरे बोरबेल में गिर गया। बॉबी के गिरने पर ममता की चीख पुकार सुनकर आसपास  ग्रामीण इकट्ठा हो गए। घटना की जानकारी ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस एवं जिला प्रशासन के अफसरों को दी। मौके पर एसडीएम अशोक सिंह चौहान और भितरवार थाना प्रभारी रत्नेश सिंह यादव मय बल के पहुंच गए। बोरबेल काफी गहरा था और बॉबी काफी नीचे था। समय भी कम था क्योकि यह हादसा शाम करीबन 5:45 बजे का था। अन्धेरा होने से पहले बॉबी को बोरबेल से बाहर निकालना चुनौतीपूर्ण था। इसी बीच गाँव में रहने वाले मोहर सिंह ने मौके पर मौजूद जिला एवं पुलिस प्रशासन के अफसरों से बात की और भरोसा जताया की बॉबी को बचाया जा सकता है। मोहर सिंह की योजना पर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू हो गया। मोहर सिंह के पैरों को रस्सी  से  बांधा गया और उसे बोरबेल के गड्डे में उल्टा उतारा गया। ( सिर के बल ) पुलिस और ग्रामीणों ने बेहद सावधानी से मोहर सिंह को बच्चे तक पहुंचाया। मोहर ने बच्चे का हाथ मजबूती से पकड़ा और बोरबेल के ऊपर मौजूद पुलिस और ग्रामीणों ने मोहर सिंह को ऊपर खींच लिया। ये रेस्क्यू ऑपरेशन करीबन एक घंटे चला। बॉबी के बोरबेल से बाहर आते ही मौके पर मौजूद ग्रामीणों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। आनन फानन में बॉबी को अस्पताल ले जाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे परिजनों के सुपुद्र कर दिया गया। ख़ास बात यह रही कि बॉबी बोरबेल में 20 फुट नीचे गिरा था। लेकिन उसे खरोंच तक नहीं आई। वहीं स्थानीय ग्रामीण मोहर सिंह की प्रशंसा करते नहीं थक  रहे।मौके पर मौजूद एसडीएम अशोक सिंह चौहान और थाना प्रभारी रत्नेश यादव ने भी साहसी मोहर सिंह रावत की पीठ थपथपाई और उसके प्रयास की जमकर सराहना की।
 
एसडीएम अशोक सिंह चौहान का कहना है कि मोहर सिंह रावत की योजना पर एकाएक निर्णय लेना संभव नहीं था। लेकिन बॉबी को हर हाल में सकुशल बोरबेल से निकालना था।
 
इस मामले में भितरवार के थाना प्रभारी रत्नेश सिंह यादव ने कहा कि उन्हें अपने स्तर पर एक ग्रामीण को इस तरह से बोरवेल में उतारना काफी रिस्की लग रहा था लेकिन बच्चे के जीवन को बचाने के लिए उन्होंने इस तरह की रिस्क ली और पूरे समय ईश्वर को याद किया। जिसका सुखद नतीजा सामने है। 
 
फिलहाल बॉबी अपने परिजनों के पास सुरक्षित है। लेकिन प्रशासन अब सर्वे कराकर ग्रामीण इलाकों में खुले हुए बोरबेल के गडडों को चिन्हित कर जल्दी ही बंद कराने की तैयारी कर रहा है। साथ ही बॉबी जिस खेत में बने बोरबेल में गिरा था उसके खेत के मालिक जसवंत सिंह के खिलाफ भी कार्यवाही की जाएगी। खुले बोरबेल में किसी बच्चे के गिरने का यह पहला मामला नहीं है। बाबजूद इसके प्रशासन गंभीर नहीं है। बार बार प्रशासन खुले बोरबेल के गड्डे का मुंह बंद कराने का भरोसा दिलाता है पर हालत जस के तस बने हैं।