इको फ्रेंडली श्री जी की प्रतिमा बनाकर लोगों को कर रहे हैं पर्यावरण के प्रति जागरूक ,रंग भी होते हैं प्राकृतिक
ग्वालियर। शहर के किलागेट गेट क्षेत्र में रहने वाले मूर्तिकार अनिल बाथम अपनी कला का कई मर्तबा लोहा मनवा चुके हैं ।लेकिन पिछले कुछ वर्षों से प्रकृति को बचाने के लिए इको फ्रेंडली गणेश जी की प्रतिमा बनाकर ना सिर्फ लोगों को भेंट करते हैं बल्कि सनातन संस्कृति के मूल्य से भी लोगों पर्यावरण के प्रति आमजन को जागरुक भी कर रहे हैं ।
मूर्तिकार अनिल बाथम बताते हैं उनके द्वारा निर्मित गणेश में केमिकल युक्त रंगो का भी कतई इस्तेमाल नहीं किया जाता। इसमें श्री जी की प्रतिमाओं पर सिर्फ गेरुआ, कलई और पीली मिट्टी का रंग चढ़ा कर उसे आकर्षक रूप दिया जाता है। अनिल इस प्रतिमा की ख़ास बात बताते हुए कहते हैं कि इन गणेश जी की प्रतिमा को कहीं भी विसर्जित किया जा सकता है । इसके लिए आपको तालाब, नदी पर जाने की आवश्यकता नहीं पड़ती है। घर के गमलों में भी मिट्टी के श्रीजी आसानी से विसर्जित हो जाते हैं। साथ ही पर्यावरण को भी इससे कोई नुकसान नहीं पहुंचता है ।हालांकि पिछले 3 सालों से ग्वालियर जिला प्रशासन प्लास्टर ऑफ पेरिस यानी पीओपी की प्रतिमाओं को बनाने और उन्हें विसर्जित करने पर प्रतिबंध लगा चुका है। बावजूद इसके कुछ लोग तुरंत और ज्यादा मुनाफा कमाने की नीयत से श्री जी की प्रतिमाओं को केमिकल रंगों और पीओपी से बना कर लोगों की सेहत से खिलवाड़ कर रहे हैं। अनिल बताते हैं मिटटी और पीओपी की प्रतिमा में अंतर बताते हुए कहते हैं कि मिट्टी की प्रतिमा भारी और महंगी होती है जबकि पीओपी की प्रतिमा हल्की और सस्ती भी होती है। खास बात यह है कि अनिल ने अपनी इस कला को अपने तक ही सीमित नहीं रखा है बल्कि वे महिलाओं-बच्चों तक में जागरूकता लाने की गरज से उन्हें कई सालों से मिट्टी के श्रीजी बनाने का गुर सिखा रहे हैं। हाल ही में उन्होंने ललित कला संस्थान में तीन दिवसीय कला प्रदर्शनी और वर्कशॉप का आयोजन किया। यहां आकर प्रशिक्षणार्थी ना सिर्फ प्रतिमाओं को बनाने के गुर सीख रहे हैं बल्कि उन्हें अपने नजदीकियों को गणेश चतुर्थी पर निशुल्क भेंट करने का प्रयत्न भी कर रहे हैं।
कान्हा शिवहरे