स्मार्ट सिटी डिजीटल अवार्ड 2018 में शामिल होने की तारीख बढ़ी, अंतिम तारीख अब 30 सितंबर
ग्वालियर। स्मार्ट सिटी द्वारा भारत सरकार के डिजीटल भुगतान को बढ़ावा देने के लिये चलाई जा रही स्मार्ट सिटी डिजीटल भुगतान मुहिम के अंतर्गत दिये जाने वाले स्मार्ट सिटी डिजीटल अवार्ड 2018 के अभियान की अंतिम तारीख 10 सितंबर से बढाकर, 30 सितंबर 2018 कर दी गई है।
उल्लेखनीय है कि नगर निगम की ओर से सम्पत्तिकर, जलकर आदि के भुगतान में नागरिकों की सुविधा एवं डिजीटल माध्यम से भुगतान को बढावा देने हेतु कोटेक महिन्द्रा बैंक द्वारा नगर निगम के क्षेत्रीय कार्योलयो में पीओएस मशीन लगवाई गई है। साथ ही एचडीएफसी बैंक द्वारा तीन मोबाईल वेन का संचालन भी किया जा रहा है। इसके अलावा नागरिक आँनलाईन गेटवे सुविधा का उपयोग कर समस्त करों का भुगतान कर सकते हैं।
यहां बता दें ग्वालियर स्मार्ट सिटी द्वारा इस प्रतियोगिता में अपनी प्रबल दावेदारी दिखाने हेतु 30 दिन की ग्वालियर स्मार्ट सिटी डिजीटल अवार्ड का गठन किया गया है। जिसके अंतर्गत एक माह की अवधि में विभिन्न वर्ग जैसे रहवासी, महाविद्यालय, विश्वविद्यालय, हास्पिटल, व्यापारी मंडल, क्लब-संस्थाओं के मध्य एक प्रतियोगिता का आयोजन किया गया है। जिसका उद्देश्य सभी वर्गो के अधिक से अधिक सदस्यों द्वारा डिजीटल शपथ के माध्यम से व्यक्तिगत और व्यवसायिक आर्थिक लेनदेन में, डिजीटल माध्यम के सर्वाधिक उपयोग करने का संकल्प लिया जायेगा। भारत सरकार के इस अभियान में ग्वालियर स्मार्ट सिटी द्वारा सभी शासकीय विभागों और निजी संस्थाओं को न केवल साझेदार के रुप में शामिल किया जायेगा, बल्कि डिजीटल पेमेंट लेनदेन अभियान के तहत उनकी मदद से सभी वर्गो में डिजीटल पेमेंट को व्यवहारिक रुप से प्रोत्साहित किया जायेगा। ग्वालियर स्मार्ट सिटी की सहयोगी संस्थाओं द्वारा इस प्रतियोगिता के दौरान विभिन्न काँलेज, रहवासी संगठन (विशेषकर महिलाओ), व्यवसायिक संगठन आदि में जाकर डिजीटल साक्षरता अभियान भी प्रतिदिन चलाया जायेगा। जिसका उद्देश्य प्रत्येक वर्ग एवं आयु के लोगो को डिजीटल साक्षर बनाने के अलावा, इनके व्यवहारिक लाभ से अवगत कराना भी होगा। इसके अतिरिक्त अन्य शासकीय विभाग जैसे रेल्वे, एमपीईबी, रोडवेज, आरटीओ आदि विभागो में भी 100 दिनों में सर्वाधिक डिजीटल लेनदेन की प्रक्रिया में मदद हेतु ग्वालियर स्मार्ट सिटी अपने विशेष प्रशिक्षित युवाओ को समय समय पर प्रशिक्षण के लिये भेजेगी।
ग्वालियर स्मार्ट सिटी डेवलपमेंट काँरपोरेशन लिमिटेड ग्वालियर के समस्त नागरिको से अपील और आशा करता है कि, प्रत्येक नागरिक इन विभिन्न अवार्ड केटेगरी में ना सिर्फ भाग ले बल्कि अपना ज्यादा से ज्यादा लेनदेन में डिजीटल माध्यम का उपयोग करें। हमारे विरासत से भरपूर ग्वालियर शहर की पहचान के अतिरिक्त आधुनिक डिजीटल प्रगतिशील शहर भी बनाने में सहायक हो सके।