श्रीजी महोत्सव का धूमधाम से हो रहा शुभारंभ, गणपति बप्पा मोरैया के जयकारों के बीच घर घर विराज रहे गणपति, शहरवासी गणपति की भक्ति में डूबे

ग्वालियर। आज यानी गुरुवार को गणेश चतुर्थी है। इसी दिन बुद्धि, समृद्धि और सौभाग्‍य के देवता भगवान गणेश का जन्‍म हुआ था। इस पर्व को देश भर में खास तौर से महाराष्‍ट्र और मध्‍य प्रदेश में बेहद उत्‍साह के साथ मनाया जाता है। महानगर में भी गणेश महोत्सव का शुभारम्भ पूरे भक्ति भाव से किया जा रहा है। श्रीजी भक्तो ने जगह जगह दरबार सजाए हैं जिनमें सुबह से ही गणपति प्रतिमा विराजी जा रही है। बाज़ारों में खासी रौनक देखने को मिल रही है। गणपति भक्त धूमधाम से लम्बोदर की आराधना में लीन हैं। इस 10 दिवसीय आयोजन का मुख्य आकर्षण इस दौरान आयोजित होने वाले कार्यक्रम होंगे। शहर में कई स्थानों पर जहां भगवान गणेश जी की प्रतिमा की स्थापना की जाएगी, वहां हर रोज धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे। यहां बता दें महानगर में सबसे बड़ी गणेश प्रतिमा अचलेश्वर महादेव मंदिर पर विराजी जाएगी। जो श्रीजी भक्तों के आकर्षण का केंद्र रहेगी। गणेश चतुर्थी के दिन भक्‍त प्‍यारे बप्‍पा की मूर्ति को घर लाकर उनका सत्‍कार करते हैं। फिर 10 वें दिन यानी कि अनंत चतर्दशी को विसर्जन के साथ मंगलमूर्ति भगवान गणेश को विदाई जाती है। साथ ही उनसे अगले बरस जल्‍दी आने का वादा भी लिया जाता है।