केंद्रीय मंत्री नरेंद्र तोमर को दिखाए काले झंडे, धिक्कार-पत्र सौंपा, केंद्र सरकार के खिलाफ की जमकर नारेबाजी

ग्वालियर । केंद्रीय मंत्री नरेंद्र तोमर बीती रात अचानक ग्वालियर पहुंचे। इसकी सूचना मिलने पर आरक्षण विरोधी और सपाक्स कार्यकर्ताओं ने सुबह उनके बंगले का घेराव किया। कार्यकर्ताओं की नारेबाजी के बीच तोमर अपने बंगले से निकले और धिक्कार पत्र लेकर स्थानीय कार्यक्रमों में शामिल होने चले गए। एससी एसटी एक्ट कानून का समर्थन करने पर सपाक्स कार्यकर्ता केंद्र सरकार के प्रतिनिधियों से नाराज हैं। उनका मानना है कि उन के चुने हुए जनप्रतिनिधियों ने जब सुप्रीम कोर्ट के संशोधन के खिलाफ सदन में अध्यादेश पेश किया जा रहा था तो वह मूक बने बैठे रहे। इस कारण यह कानून संसद में पास कर दिया गया और लोगों को प्रताड़ित होने के लिए छोड़ दिया गया। दरअसल लंबी अवधि बाद अपने संसदीय क्षेत्र एवं गृहनगर पहुंचे नरेंद्र तोमर का आरक्षण विरोधी बड़ी बेसब्री से इंतजार कर रहे थे। साथ ही उनकी भूमिका पर भी सवाल उठा रहे थे।लेकिन पिछले दिनों ग्वालियर में जिस तरह से सत्तारूढ़ दल के नेताओं को आरक्षण विरोधियों के विरोध का सामना करना पड़ा। इस कारण तोमर सहित सीएम की जन आशीर्वाद यात्रा और पार्टी के अध्यक्ष अमित शाह को भी अपना दौरा तक रद्द करना पड़ा है। तोमर ने आरक्षण विरोधियों से धिक्कार पत्र लिया और वे अपनी गाड़ी में बैठकर रवाना हो गए। खास बात यह है कि आरक्षण विरोधी उनके सामने ही केंद्र सरकार और मोदी के खिलाफ नारेबाजी करते रहे।