मुकेश की कहानी .. बन गए अब मर्जी के मालिक
ग्वालियर । मुकेश कपड़े की दुकान पर काम करते थे। जरा सी देर हो जाने पर दुकान मालिक से मिलने वाली झिड़की उन्हें नागवार गुजरती। वे पढ़े-लिखे तो ज्यादा थे नहीं, सो मजबूरन दुकान मालिक की लताड़ बर्दाश्त करनी पड़ रही थी। मगर अब मुकेश की रोजी-रोटी स्वाभिमानपूर्वक चल रही है।
ढोली बुआ का पुल लश्कर (ग्वालियर) निवासी मुकेश जाटव केवल आठवी तक पढ़ाई कर पाए। बचपन तो शरारतों में गुजर गया। पर जब युवा होने पर शादी हो गई, तो रोजी-रोटी के लिये मजदूरी करनी पड़ी। उनके मिलने वालों ने उन्हें एक कपड़े की दुकान पर काम दिलवा दिया। सुबह 10 बजे दुकान पर पहुँच जाना और रात 10 बजे घर लौटना उनकी दिनचर्या बन गई। इतनी मेहनत के बाबजूद मुकेश को बमुश्किल पाँच हजार रूपए प्रतिमाह मिलते। दुकानदार की डाँट खानी पड़ती सो अलग। मुकेश का इस काम में जरा भी मन नहीं लगता। उन्हें ऑटो रिक्शा चलाना आता था। वे इस जुगाड़ में थे कि कहीं से थोड़ी आर्थिक मदद मिल जाए तो वे एक ऑटो खरीद लें।
उनका यह सपना राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन की मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना ने पूरा कर दिया है। मुकेश एक दिन काम पर जा रहे थे, तो उन्हें बाड़े के समीप नगर निगम के क्षेत्रीय कार्यालय में भीड़ दिखाई दी। वे भी जिज्ञासावश वहाँ चले गए और उन्हें पता चला कि मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना के तहत विभिन्न स्वरोजगारमूलक इकाईयों के लिये हितग्राहियों से आवेदन फॉर्म भरवाए जा रहे हैं। मुकेश वहाँ से घर लौट गए और आवश्यक कागजात लाकर उन्होंने अपना फॉर्म भर दिया।
यूको बैंक से उनका प्रकरण मंजूर हुआ। उन्हें ई-रिक्शा खरीदने के लिये एक लाख 65 हजार रूपए की आर्थिक सहायता मंजूर हुई, जिसमें 30 प्रतिशत अनुदान राशि भी शामिल थी। मुकेश को जब ई-रिक्शा की चाबी मिली तो उन्होंने अपने मित्रों के साथ इसकी खुशियां बाटीं। कपड़े की दुकानपर काम करते समय छोटी सी गलती पर दुकानदार के नाराज हो जाने को याद करते हुए मुकेश कहते हैं कि अब हम अपनी मर्जी के मालिक बन गए हैं। जितना वक्त मुझे दुकान पर देना पड़ता था, उससे बहुत कम समय में ऑटो रिक्शा से मेरी अच्छी-खासी कमाई हो जाती है। मुकेश बताते हैं कि मेरी बिटिया दो साल की हो गई है। तीन साल की होते ही उसे अच्छे स्कूल की नर्सरी कक्षा में दाखिला दिलायेंगे।
हितेन्द्र सिंह भदौरिया