महंगाई के विरोध में ग्वालियर मुक्कमल बंद, व्यापारियों ने किया बंद का समर्थन, व्यापारियों ने रखीं दुकाने बंद

ग्वालियर। पैट्रोलियम पदार्थो की कीमतों में बेहताशा वृद्धि के खिलाफ कांग्रेस के भारत बंद का महानगर में भी असर देखने को मिल रहा है। सुबह से ही कांग्रेसी टोलियों में बाज़ार बंद कराते घूम रहे हैं। तीनो उपनगरों में कांग्रेस ने अपनी टुकड़ियां तैनात कर दी थीं। जहां दुकाने खुली मिली उन्हें गांधीवादी तरीके से बंद कराया जा रहा है। महिला कांग्रेसी भी सड़क पर उतरकर बंद को सफल बनाने का प्रयास कर रहीं हैं। महिला कांग्रेसियों का मूवमेंट लश्कर के शिंदे की छावनी इलाके में देखने को मिल रहा है। महिला नेत्रियां दुकानदारों से हाथ जोड़कर अपने प्रतिष्ठान बंद रख बंद को सफल बनाने की अपील कर रहीं हैं। इस दौरान प्रदर्शनकारी नेत्रियों ने शराब की दुकान भी बंद कराई। वहीं सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर पुलिस ने व्यापक इंतजाम किए हैं। बंद को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल व मोबाईल वैन में सवार जवान गश्त कर रहे हैं। हरेक चौराहे ओर तिराहे पर पुलिस के जवान तैनात हैं। पुलिस के आला अफसर बंद पर बारीकी से नजर रखे हैं। साथ ही उन्होंने अप्रिय स्तिथि में कड़ाई से निपटने के निर्देश अधीस्थों को दिए हैं। कुलमिलाकर ग्वालियर में बंद सफल है। जो अभूतपूर्व बंद कहा जा सकता है।