भारत बंद को सफल बनाने की कांग्रेस ने की अपील, चेंबर ने किया बंद से किनारा, पुलिस ने किये सुरक्षा के व्यापक प्रबंध

ग्वालियर। 6 सितंबर 2018 के बाद अब सोमवार यानी 10 सितंबर को प्रस्तावित भारत बंद का आह्वान किया गया है। पैट्रोल-डीजल एवं रसोई गैस कीमतों में वृद्धि के खिलाफ यूपीए के घटक दलों ने इस बंद का आह्वान किया है। अगर ग्वालियर की बात की जाए तो कांग्रेस ने इस बंद को लेकर खासी तैयारी की गई। हालांकि चेंबर ऑफ़ कॉमर्स ने इस बंद से अपने को अलग कर लिया है।वहीं पुलिस ने भी सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखकर विशेष इंतजाम किये हैं। 

 
                  प्रस्तावित भारत बंद के मद्देनजर रविवार को एसपी ऑफिस में बंद समर्थक दलों की एक बैठक बुलाई गई। इस बैठक अध्यक्षता एसपी नवनीत भसीन ने की। बैठक में एसपी श्री भसीन ने साफ़ कर दिया कि शान्ति व्यवस्था बनाये रखें, अन्यथा सख्ती से निपटा जाएगा। इस बैठक शामिल शहर जिला कांग्रेस के जिलाध्यक्ष देवेंद्र शर्मा ने भरोसा दिलाया है और कहा है कि गांधीवादी तरीके से बंद को सफल बनाया जाएगा। कांग्रेस ने शहर की तीनों विधानसभा क्षेत्रों में रविवार को मशाल जुलुस निकाले और व्यापारियों एवं आमजन से बंद को सफल बनाने की अपील की है। वहीं चेंबर ऑफ़ कॉमर्स ने इस बंद से अपने को अलग कर लिया है। चेंबर ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर उक्ताशय की जानकारी दी।  चेंबर ऑफ़ कॉमर्स के मानसेवी सचिव डॉ.प्रवीण अग्रवाल का कहना है कि चेंबर केंद्र सरकार एवं जनप्रतिनिधयों से पिछले एक साल से पत्राचार कर रहा है और पैट्रोल एवं डीजल के बढ़ते दामों से व्यापारी एवं आमजन को राहत देने के लिए एक्साइज ड्यूटी घटाने की मांग कर रहा है। इसलिए चेंबर बढ़ते पैट्रोल डीजल के दामों की घोर निंदा करता है, लेकिन बंद का समर्थन नहीं करता है। इस बारे में जब कांग्रेस प्रवक्ता आनंद शर्मा से सीधा संवाद किया गया तो उन्होंने चेंबर की मंशा पर अनिभिज्ञता जाहिर की है। उधर पुलिस ने भी सुरक्षा के विशेष इंतजाम किये हैं। एसपी नवनीत भसीन का कहना है 6 सितम्बर से ज्यादा कड़ी व्यवस्था की गई है। शांति व्यवस्था प्रभावित होने की स्थिति में सख्ती से निपटा जाएगा।