दिल्ली हुई पानी-पानी, कई स्थानों पर जलभराव के हालात, सड़क पर रेंग रहे हैं वाहन

नई दिल्ली । दिल्ली के साथ-साथ एनसीआर के विभिन्न इलाकों में शनिवार सुबह झमाझम बारिश हुई। भारी बारिश से सड़कों पर जगह-जगह पानी भर गया। इससे सुबह-सुबह दफ्तर जाने वाले लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।वाहन चालकों के साथ सुबह-सुबह काम पर जाने वाले लोगों को भी भारी दिक्कत पेश आई। वहीं, स्कूल जाने वाले छात्र-छात्राओं को भी काफी परेशानी हुई। दिल्ली के ज्यादातर इलाकों में जलभराव से लोगों की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही है। बताया गया है कि यमुना बाजार क्षेत्र में हनुमान मंदिर के पास सड़क में ही बस डूब गई, ब- मुश्किल इसमें फंसे दो दर्जन से ज्यादा यात्रियों को बचाया जा सका। इस दौरान परिवहन कर्मियों एवं पुलिस के अलावा स्थानीय लोगों ने बस में फसे यात्रियों को बाहर निकालने में मदद की। जानकारी के मुताबिक, दिल्ली के कई स्थानों पर बारिश की वजह से जाम भी लगा हुआ है। मंडी हाउस, इंडिया गेट और लुटियंस जोन के आपसास की सड़कों पर भारी बारिश से जलभराव से दिक्कत हो रही है। जानकारी के मुताबिक, दिल्ली में तेज़ बारिश से लुटयंस इलाके की कई सडकों पर पानी भरना शुरू हो गया है। मंडी हाउस मेट्रो स्टेशन के गोल चक्कर पर पानी भर गया है। इसके अलावा, विकास मार्ग, दिल्ली पुलिस हेड क्वार्टर के सामने भी सड़क पर भारी जलभराव से लोगों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसके चलते जाम जैसे हालात पैदा हो गए है। वाहनों की लंबी लंबी कतारें इस बात का प्रमाण हैं कि बारिश ने दिल्ली की रफ्तार रोक दी है।