आमखो नदी में नहाने गए अशोक नगर के दो युवक बहे, SDRF की टीम तलाश में जुटी
• अशोकनगर में आमखो नदी में बहे दो किशोर,
• नदी में नहाने गए थे
• SDRF की टीम रात तक तलाश में जुटी रही
अशोकनगर। आमखो नदी में रविवार दोपहर दो किशोर नदी के तेज बहाव में बह गए। दोनों की उम्र करीब 15 साल है। हादसे के बाद से पुलिस और SDRF की टीम उनकी तलाश में जुटी है। रात में भी सर्चिंग जारी रही।
जानकारी के अनुसार, अशोकनगर निवासी ध्रुव दुबे (15) और दक्ष यादव (15) दोपहर करीब 1 बजे अपने तीन दोस्तों के साथ आमखो गए थे। दोपहर करीब 3 बजे पांचों दोस्त झरने में नहा रहे थे। इसी दौरान ध्रुव और दक्ष पानी के तेज बहाव में बह गए। उनके तीन दोस्त सुरक्षित बाहर निकल आए।
हादसे के बाद दोस्तों ने परिजनों को सूचना देने की कोशिश की। घटनास्थल पर मोबाइल नेटवर्क नहीं होने के कारण उन्हें करीब एक घंटे तक परेशानी हुई। इसके बाद कुछ दूर जाकर उन्होंने परिजनों को घटना की जानकारी दी। लोगों ने चंदेरी पुलिस को भी सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। SDRF की टीम भी मौके पर पहुंचकर दोनों किशोरों की तलाश में जुट गई। घटनास्थल पर मुंगावली विधायक, दोनों किशोरों के परिजन और रिश्तेदार भी मौजूद हैं। बताया गया कि घटनास्थल उबड़-खाबड़ है और पानी का बहाव काफी तेज है। इससे सर्चिंग में भी परेशानी आ रही है।