ग्वालियर में पेड़ छटांई के दौरान दर्दनाक हादसा, भारी भरकम तना टूटकर गिरा पास की दीवार पर, वजन नहीं सह पाने से बुजुर्ग महिला माली के ऊपर गिरी दीवार, इलाज के दौरान मौत

ग्वालियर। पेड़ की छटाई के दौरान शहर की पॉश टाउनशिप में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है. बताया गया है, ज़ब बुजुर्ग महिला माली पेड़ छटाई का काम कर रही थी, तभी पेड़ का भारी भरकम तना टूटकर पास की दीवार पर गिर गया और तने का वज़न पड़ते ही दीवार महिला माली के ऊपर गिर गई. इस घटना में गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग महिला माली की इलाज के दौरान मौत हो गई है. घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है. वहीं पुलिस ने मर्ग कायम करके मामले की विवेचना शुरू कर दी है.
सिरोल थाना अंतर्गत जाटव मोहल्ले में रहने वाली 70 वर्षीय महिला सावित्री देवी वंशकार पेशे से माली थी और समीप ही स्थित शहर की पॉश टाउनशिप विण्डसर हिल्स में माली का काम करती थीं. सावित्री के दो बेटे हैं, जो दिल्ली में रहकर नौकरी करते हैं. सावित्री पिछले 15 साल से विंडसर हिल्स में माली का काम कर रही थीं. सोमवार शाम ज़ब वह पेड़ो की छटाई कर रही थी, तभी एक पेड़ का भारी भरकम तना पास की दीवार पर गिर गया. दीवार तने का वजन नहीं झेल सकी और सावित्री देवी के ऊपर गिर गई. इस घटना में सावित्री देवी दीवार के मलबे के नीचे बुरी तरह से दब गई. दीवार गिरने की आवाज सुनते ही स्थानीय लोग मौके पर इकट्ठा हो गए. आनन फ़ानन में मलबे के नीचे दबी सावित्री देवी को बेसुध हालत में बाहर निकाला गया. इसके बाद स्थानीय लोगों ने सावित्री को होश में लाने के लिए मौके पर ही CPR दिया, लेकिन उनकी हालत में कोई सुधार नहीं होता देख स्थानीय लोग अपने पर्सनल फॉर व्हीकल से उन्हें निजी अस्पताल ले गए, जहाँ इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया. वहीं घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अस्पताल पहुंच गई और शव को निगरानी में लेकर पोस्टमार्टम हाउस में रखवा दिया गया. प्रथम दृष्टया सावित्री देवी की मौत की वज़ह सिर और मुहं में गंभीर चोट लगना बताई जा रही है. 
फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम करके विवेचना शुरू कर दी है और घटना की सूचना मृतका सावित्री देवी के दोनों बेटों को कर दी है, जो दिल्ली से ग्वालियर आने के लिए रवाना हो गए हैं. 

(आधिकारिक बाइट - गोविन्द बागौली, थाना प्रभारी, सिरोल पुलिस थाना, ग्वालियर)