ग्वालियर में कैप्टेन रूप सिंह स्टेडियम के पास नगर निगम और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, अवैध ठेले और गुमटियाँ हटाई, आसामाजिक तत्वों के जमावाड़े की रोकथाम के लिए कार्रवाई
ग्वालियर। शहर में कैप्टन रूप सिंह स्टेडियम के आसपास असामाजिक तत्वों के जमावड़े पर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। नगर निगम और पुलिस की संयुक्त टीम ने स्टेडियम के आसपास लगी गुमटियों और ठेलों को हटाकर जब्त कर लिया है। एक दो दिन पहले मारपीट और अवैध हथियार लहराने पर हुई घटना के बाद यह एक्शन लिया गया है।
दरअसल यूनिवर्सिटी थाना अंतर्गत सिटी सेंटर स्थित रूपसिंह स्टेडियम के आस-पास लगी चाय-पान की गुमटियों और ठेलों पर आए दिन विवाद की स्थिति बन रही थी। दो दिन पहले यहां महलगांव और डबरा के युवकों के दो गुटों में युवती को लेकर जमकर विवाद हुआ था। मारपीट के दौरान अवैध हथियार भी लहराए गए थे। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इस घटना के बाद पुलिस और नगर निगम ने क्षेत्र का निरीक्षण किया पाया गया कि इन गुमटियों पर असामाजिक तत्वों का जमावड़ा रहता है और विवाद की जड़ बनी रहती है। इसके बाद नगर निगम ने करीब एक दर्जन से ज्यादा गुमटी और ठेला संचालकों को 24 घंटे में हटने का अल्टीमेटम दिया था। तय समय में नहीं हटने पर आज नगर निगम की मदाखलत और पुलिस टीम ने कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान नगर निगम की टीम ने सभी ठेले और गुमटियों को जब्त कर लिया। मौके पर विवाद की स्थिति न बने। इसके लिए भारी पुलिस बल तैनात रहा। सीएसपी रवि सिंह भदौरिया ने बताया कि यहां असामाजिक गतिविधियों की शिकायतें मिल रही थीं। इसलिए पुलिस की मौजूदगी में कार्रवाई की गई है।
(आधिकारिक बाइट- रवि भदौरिया, सीएसपी, ग्वालियर)