ग्वालियर में भाजयुमो नेता के भाई की गोली लगने से रहस्यमय मौत, पुलिस पड़ताल में जुटी

ग्वालियर। आज भाजयुमो नेता के भाई की गोली लगने से रहस्यमय में मौत हो गई। गोली घर में ही लगी। मृतक क्रेशर संचालक बताया जा रहा है। पुलिस को अभी तक कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। हालांकि पुलिस प्रथम दृष्टया आत्महत्या मान रही है। फिलहाल मर्ग कायम करके मामले की बारीकी से पड़ताल कर रही है। दरअसल गुरुवार शाम लगभग साढ़े चार बजे ग्वालियर थाना पुलिस को सूचना मिली कि आऊ खाना स्थित मस्जिद के पीछे रहने वाले राहुल शर्मा को सीने में गोली लगने के बाद निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसके बाद पुलिस की टीमें राहुल के घर और अस्पताल पहुंच गईं। अस्पताल पहुंची पुलिस को बताया है कि लहूलुहान हालत में राहुल को अस्पताल लाया गया था, जहां नब्ज टटोलते ही डॉक्टर्स ने राहुल को मृत घोषित कर दिया। राहुल भाजयुमो नेता हिमांशु शर्मा का भाई है और पार्टनरशिप में क्रेशर संचालित करता था। पता चला है कि राहुल अपने दोस्तों के साथ लूडो खेलकर घर पहुंचा था, तभी रहस्यमय परिस्थितियों में उसके सीने में गोली लग गई। माना जा रहा है कि गोली संभवतः लाइसेंसी बंदूक से लगी है। पुलिस को मौके पर मृतक के पास से या परिजन से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। प्रथम दृष्टया पुलिस इस मामले को आत्महत्या मान रही है। फिलहाल राहुल की मौत की वजह अज्ञात बनी हुई है। पुलिस ने उसका शव निगरानी में लेकर पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया है और मर्ग कायम करके मामले की बारीकी से विवेचना शुरू कर दी है। (आधिकारिक बाइट - प्रशांत शर्मा थाना प्रभारी ग्वालियर पुलिस थाना)