ग्वालियर सीएमएचओ परेशान, नौकरी मांगने हर रोज पहुंच रहे बेरोजगार, मजबूरन दफ्तर के बाहर लिखवाई सूचना, किसी की नियुक्ति का नहीं है उन्हें अधिकार
ग्वालियर। जिले के सीएमएचओ आजकल बेहद परेशान हैं। क्योंकि हर रोज उनके दफ्तर एक दर्जन से ज्यादा बेरोजगार नौकरी ढूंढते हुए पहुंच जाते हैं। खुद सीएमएचओ बताते हैं कि ऐसे बेरोजगारों को तमाम बार समझाया है कि नौकरी देने का अधिकार उनके पास नहीं है, बाज़बूद इसके हर बार चेहरे नए होते हैं। इस समस्या से निपटने के लिए अब उन्होंने अपने दफ्तर के बाहर एक सूचना ही लिखवा दी है, जो अब चर्चा में है।
दरअसल ग्वालियर के थाटीपुर क्षेत्र में जिले का मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय है। यहां हर रोज बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं। वर्तमान में जिले के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ एम एस सागर हैं। डॉ सागर इन दिनों बेहद परेशान हैं। इसकी वजह बेहद चिंताजनक है, लेकिन उनके अधिकार क्षेत्र के बाहर है। इस बारे में डॉ सागर का कहना है कि हर रोज 10 से 15 बेरोजगार उनके दफ्तर नौकरी मांगने पहुंचते हैं। कई बार ऐसे युवाओं को समझाया है, लेकिन हर बार चेहरे नए होते हैं। ऐसे बेरोजगार आउट सोर्स कर्मचारी बतौर नौकरी की मांग करते हैं। मजबूरन उन्होंने अब अपने दफ्तर के बाहर एक सूचना लिखवा दी है। जिसमें साफ लिखा है कि ग्वालियर सीएमएचओ कार्यालय या अधीनस्थ संस्थाओं में किसी भी तरह की आउट सोर्स कर्मचारियों की नियुक्ति का प्रावधान या नियम नहीं है और जरूरत पड़ने पर ऐसी नियुक्तियां आउट सोर्स एजेंसियो के माध्यम से कराई जाती हैं। इसलिए उपरोक्त भर्ती हेतु कार्यालय में संपर्क ना करें। अब यही सूचना चर्चा में है। क्योंकि यहां पहुंचने वाले लोग सूचना पढ़ने के बाद देश, प्रदेश व शहर में बढ़ती बेरोजगारी की समस्या बतियाते देखे जा रहे हैं।
(सोर्स, बाइट - डॉ एम एस सागर, सीएमएचओ ग्वालियर)