ग्वालियर में बेकाबू कार ने मारी ऑटो, बाईक सहित कई वाहनों को टक्कर, तीन लोग हुए घायल, FIR दर्ज नहीं करने से नाराज हैं पीड़ित
ग्वालियर। शहर की सड़को पर फर्राटे भरते वाहन जमकर कहर बरपा रहे हैं। ताजा मामला एसपी ऑफिस रोड से सामने आया है, जिसमें एक बेकाबू कार ने ऑटो, बाईक सहित अन्य वाहनों को टक्कर मार दी और घटना के बाद आसानी से चालक कार लेकर भाग निकला। टक्कर इतनी तेज थी कि सवारियों से भरा ऑटो सड़क पर ही पलट गया। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। वहीं इस घटना में घायल हुए एक युवक ने आरोपी कार चालक पर कार्रवाई नहीं किए जाने का पुलिस पर आरोप लगाया है। घायल युवक ने थाने के बाहर ना सिर्फ वीडियो बनाया, बल्कि उसे सोशल मीडिया पर अपलोड करके पुलिसिया कार्यप्रणाली के खिलाफ अपनी नाराजगी भी जताई है।
सोशल मीडिया पर ग्वालियर में हुए एक कार हादसे के वीडियो -फुटेज तेजी से वायरल हो रहे हैं। वीडियो फुटेज की मानें तो घटना मंगलवार सुबह यूनिवर्सिटी थाना अंतर्गत एसपी ऑफिस रोड की बताई जा रही है। इस घटना में फर्राटे भरती हुई एक बेकाबू कार सड़क से गुजर रहे ऑटो, बाईक सहित अन्य वाहनों को टक्कर मार देती है। इस घटना में ऑटो पलट जाता है। इसके बाद चालक आसानी से कार लेकर फरार हो जाता है। वायरल वीडियो में घायल एक युवक यूनिवर्सिटी थाने के बाहर वीडियो बनाता नजर आ रहा है और घटना के घायलों को दिखा रहा है। साथ ही घायलों की शिकायत पर पुलिस द्वारा कार्रवाई नहीं किए जाने पर अपनी नाराजगी जता रहा है। इस युवक का नाम भगवान सिंह कुशवाह बताया जा रहा है। वहीं घटना की पुष्टि संबंधित थाना पुलिस ने की है। लेकिन कोई भी पुलिस अधिकारी कैमरे पर कुछ भी बोलने से बच रहा है। ताजा जानकारी के अनुसार, इस मामले में अभी तक पुलिस ने घायलों की शिकायत दर्ज नहीं की है। ऐसे में बड़ा सवाल ये है कि सीसीटीवी फुटेज देखने के बाद भी पुलिस, आरोपी कार चालक के खिलाफ कार्रवाई करने से क्यों बच रही है ? आखिर शहर की ऐसी कौन सी शख्सियत कार में सवार थी, जिसके विरुद्ध पुलिस कार्रवाई करने से कतरा रही है ?
(सोर्स, एंबियंस बाइट - भगवान सिंह कुशवाह, घायल ऑटो सवार)