ग्वालियर के एक बुजुर्ग से 10 लाख 70 हजार रुपए की ठगी, केस दर्ज, पड़ताल जारी
ग्वालियर। घर बैठे कमाई का लालच देकर साइबर ठगों ने शहर के 64 वर्षीय बुजुर्ग से 10 लाख 70 हजार रुपये ठग लिए। ठगों ने पहले टेलीग्राम ग्रुप से जोड़कर होटल रेटिंग का काम दिया, फिर डॉलर खरीदने और टैक्स के नाम पर लाखों रुपये ऐंठ लिए।
दरअसल, मामला महाराजपुरा थाना क्षेत्र के डीडीनगर का है। यहां रहने वाले 64 वर्षीय श्रीराम यादव ने पुलिस को शिकायत में बताया कि उन्हें टेलीग्राम पर 'मडरेस्ट कस्टमर सर्विस' के नाम से एक विज्ञापन दिखा था। इसमें घर बैठे काम करने के बदले अच्छी तनख्वाह देने की बात कही गई थी। लालच में आकर उन्होंने टेलीग्राम ग्रुप में संपर्क किया। ठगों ने बताया कि उन्हें होटल के रिव्यू और रेटिंग देने होंगे। टास्क पूरा करने पर भुगतान किया जाएगा और काम अच्छा रहा तो आगे और काम दिया जाएगा। श्रीराम ने होटल रेटिंग का टास्क पूरा किया तो ठगों ने उन्हें कुछ मुनाफा देकर भरोसे में ले लिया। भरोसा जीतने के बाद ठगों ने उन्हें डॉलर खरीदने का काम दिया। उन्होंने कहा कि डॉलर खरीदने पर ज्यादा मुनाफा मिलेगा। भरोसे में आकर श्रीराम ने करीब 8 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। कुछ दिन बाद जब उन्होंने अपनी रकम वापस मांगी तो ठगों ने कहा कि पैसा लौटाने से पहले 2 लाख 70 हजार रुपये टैक्स के रूप में जमा करने होंगे। रकम वापस पाने की उम्मीद में बुजुर्ग ने यह राशि भी ट्रांसफर कर दी, लेकिन इसके बाद भी ठगों ने पैसा वापस नहीं किया। तब उन्हें ठगी का अहसास हुआ। ठगों ने कुल 10 लाख 70 हजार 762 रुपये ठग लिए। ठगी का अहसास होने पर श्रीराम यादव ने साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत की। शिकायत के आधार पर महाराजपुरा थाना पुलिस ने अज्ञात साइबर ठगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस टेलीग्राम ग्रुप और बैंक खातों के आधार पर ठगों की तलाश कर रही है।
(सोर्स, आधिकारिक बाइट-यशवंत गोयल, टीआई, महाराजपुरा, ग्वालियर)