सिवनी में दिनदहाड़े पत्रकार शमीम खान पर कातिलाना हमले की कोशिश, घटना हुई सीसीटीवी कैमरे में कैद, अभी तक नहीं हुई एफआईआर दर्ज

सिवनी। शहर में दिनदहाड़े पत्रकार पर कातिलाना हमला करने की कोशिश किए जाने का मामला सामने आया है। ज्यारत के बाद पत्रकार शमीम खान बाइक से जा रहे थे, तभी पीछे से आए दो नकाबपोश बाईक सवार बदमाशों ने उन्हें घेरने की कोशिश की। पीछे बैठे बदमाश ने उन पर चाकू से कातिलाना हमला करने का प्रयास किया। हमलावरों के मंसूबे भांपते हुए सूझबूझ के साथ पत्रकार शमीम खान ने बाइक की रफ्तार बढ़ाकर खुद को बचाया। इस दौरान बैखौफ बदमाशों ने आगे से बाइक अड़ाकर पत्रकार को रोकने की कोशिश भी की, लेकिन पत्रकार बाईक की रफ्तार बढ़ाकर तेजी से निकल गए। उक्त घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। इस मामले में पत्रकार शमीम खान ने सिवनी एसपी से शिकायत की है और सुरक्षा की मांग की है। अफसोस अभी तक एफआईआर तक दर्ज नहीं हुई है। क्योंकि हमला पत्रकार पर हुआ है, किसी माननीय पर नहीं और ना ही अभी तक किसी माननीय ने पत्रकार शमीम खान पर हुए हमले को लेकर नाराजगी जताई है। ग्वालियर प्रेस क्लब के अध्यक्ष प्रदीप तोमर ने सिवनी के साथी शमीम खान पर हुए हमले की कड़ी निंदा की है। साथ सिवनी पुलिस से आरोपियों के विरुद्ध तत्काल एफआईआर दर्ज कर कठोर कार्रवाई किए जाने की मांग की है।