ग्वालियर में ऐतिहासिक गोपाल मंदिर पर जन्माष्टमी की धूम, बेशकीमती आभूषणों से श्रृंगारित हुए श्री राधा - गोपाल जी, एक बार निहारने लगा भक्तों का तांता, पुलिस ने किए सुरक्षा के विशेष इंतजाम, आधी रात को मनाया जायेगा जन्मोत्सव

ग्वालियर। देश भर में आज जन्माष्टमी की धूम है। इस पावन अवसर पर ग्वालियर के ऐतिहासिक और रियासतकालीन गोपाल मंदिर में हर साल की तरह इस साल भी जन्माष्टमी परंपरागत ढंग से मनाई जा रही है। यहां मनाए जाने वाले कान्हा के भव्य जन्मोत्सव की खास बात ये है कि यहां के मंदिर में विराजे भगवान राधा - कृष्ण की प्रतिमाओं का श्रृंगार लगभग 120 करोड़ रुपए से अधिक कीमत के बेशकीमती आभूषणों से किया जाता है, जिन्हें भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सिर्फ जन्माष्टमी पर पहले बैंक के लॉकर निकालकर जाता है और बाद में दूसरे दिन वापस लॉकर में सुरक्षित रखवा दिया जाता है। दावा किया जाता है कि भगवान के श्रृंगार में इस्तेमाल किए जाने वाले सभी दुर्लभ आभूषण रियासतकालीन हैं। इनमें सोने, चांदी, हीरे, पन्ने, मोती व अन्य बेशकीमती रत्नों से सुसज्जित आभूषणों शामिल है।
इसी तारतम्य में आज यानी जन्माष्टमी के अवसर पर इंदरगंज स्थित सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की शाखा के  लॉकर से विशेष सुरक्षा व्यवस्था के बीच पुनः बाहर निकाला गया। इस दौरान नगर निगम आयुक्त द्वारा गठित समिति बैंक पहुंची थी। इसके बाद कड़ी सुरक्षा के बीच आभूषणों को गोपाल मंदिर लाया गया। यहां उनकी साफ-सफाई की गई। इनमें भगवान श्रीकृष्ण के श्रृंगार में सोने के मुकुट के साथ पुखराज, माणिक और पन्ना जैसे बेशकीमती रत्नों से जड़े आभूषण शामिल हैं। वहीं राधारानी का करीबन तीन तोला वजन का रत्नजड़ित मुकुट भी श्रद्धालुओं के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहा। जो शायद ही किसी और मंदिर में भगवान के श्रृंगार में देखा जाता होगा।

मंदिर के सबसे कीमती आभूषणों की बात करें तो उनमें सात लड़ियों वाला हार शामिल है, जिसमें 62 असली मोती और 55 पन्ने जड़ित हैं। इसकी कीमत तकरीबन 35 करोड़ रुपए से ज्यादा आंकी गई है। इसके अलावा रत्नजड़ित मुकुट की कीमत करीबन 25 करोड़ रुपए, जबकि भगवान के सोने के मुकुट की कीमत लगभग 1 करोड़ 25 लाख रुपए आंकी जा रही है।
जन्माष्टमी के पावन अवसर पर आज गोपाल मंदिर को बेहद आकर्षक ढंग से सजाया गया है। मंदिर परिसर में आकर्षक विद्युत साज सज्जा के साथ भव्य फूल बंगला सजाकर व रंगोली बनाकर उत्सवी माहौल देने का प्रयास किया गया है। यहां बड़ी संख्या में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए एलईडी स्क्रीन लगाई गई है, जिन पर भगवान राधा - गोपाल के लाइव दर्शन कराए जा रहे हैं। इस बार तकरीबन दो लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं के दर्शनलाभ लेने पहुंचने की संभावना है। इस दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से यहां पहुंचने वाले हर व्यक्ति की गतिविधि पर नजर रखी जा रही है। श्रद्धालुओं के प्रवेश और निकास की अलग-अलग व्यवस्था की गई है, ताकि भीड़ को नियंत्रित किया जा सके और श्रद्धालुओं को भगवान के दर्शन में किसी तरह की परेशानी न पैदा हो।
गौरतलब है कि ग्वालियर में गोपाल मंदिर का निर्माण सिंधिया राजवंश की महारानी बैजाबाई ने वर्ष 1843 में कराया था। यह मंदिर सफेद संगमरमर से निर्मित है और इसमें मराठा स्थापत्य कला के साथ यूरोपीय वास्तुकला की मिश्रित झलक देखने को मिलती है। मंदिर के गर्भगृह की बात करें तो दरवाजे, चांदी से मढ़े हैं, जो इसकी भव्यता प्रदर्शित करते हैं। आज जन्माष्टमी के पावन अवसर पर ग्वालियर का ऐतिहासिक गोपाल मंदिर एक बार फिर राजसी परंपरा, श्रद्धा और अद्भुत ऐश्वर्य का साक्षी बना है।

(आधिकारिक बाइट - अभिषेक चौधरी, आयुक्त नगर निगम ग्वालियर
बाइट - रॉबिन जैन, डीएसपी हेडक्वार्टर ग्वालियर)