ग्वालियर बीच सड़क पर होटल रिसेपनिस्ट की दो महिला सहकर्मियों ने की पिटाई, दोनों आरोपियों पर केस दर्ज
ग्वालियर। शहर के थाटीपुर क्षेत्र में बीच सड़क तीन युवतियों के बीच हुए झगड़े का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में दो युवतियां, एक युवती को बुरी तरह से पीट रही हैं। कभी चांटे मार रही हैं, तो कभी गर्दन मरोड़ रही हैं और कभी दांतों से काट रही हैं। विवाद की वजह फिलहाल पता नहीं चल सकी है, लेकिन दोनों आरोपी युवतियों के खिलाफ प्रकरण पंजीबद्ध हो गया है।
दरअसल तीनों युवतियों एक ही होटल में काम करती थीं। पिटने वाली युवती का नाम वर्षा राजपूत है और वह मयूर मार्केट स्थित होटल मैक्सन में रिसेप्शनिस्ट के पद पर कार्यरत थी। मंगलवार को होटल में नौकरी करने के दौरान सहकर्मी प्रिया और नेहा से उसका विवाद हो गया था। तीनों आपस में बहस करते हुए चीख चिल्ला रहीं थीं। पहले होटल मालिक ने तीनों को शांत रहने के लिए समझाइश दी, बाबजूद इसके तीनों का गुस्सा शांत नहीं हुआ। लगातार झगड़ती रहीं।परेशान होकर होटल मालिक ने तीनों को नौकरी से निकाल दिया और गार्ड को निर्देशित करते हुए होटल से बाहर का रास्ता दिखा दिया। इसके बाद भी वे नहीं मानी और सड़क पर झगड़ने लगीं। युवतियों को सड़क पर झगड़ते देख तमाशबीनों का मजमा लग गया। इस बीच बात हाथापाई तक पहुंच गई। प्रिया और नेहा ने एकराय होकर वर्षा की पिटाई करना शुरू कर दी। इस दौरान बाल पकड़कर खींचे, चांटे मारे, गर्दन मरोड़ी और वर्षा के हाथ में कई जगह काटा। प्रिया और नेहा को हावी होता देख वर्षा ने लोगों से मदद मांगी, भीड़ में से एक महिला और होटल का गार्ड सामने आया। दोनों गुस्साई सहकर्मियों से वर्षा को बचाकर अलग अलग कराया। तभी किसी के सूचना देने पर पुलिस की एफआरव्ही मौके पर पहुंच गई और तीनों को थाने ले गई। वहीं तब तक किसी ने घटना के वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिए। वायरल वीडियो देखकर और प्रत्यक्षदर्शियों व होटल संचालक से मिली जानकारी के अनुसार पुलिस ने प्रिया राजपूत और नेहा राजपूत के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। फिलहाल घटना की असल वजह पता अभी तक नहीं लगी है, पुलिस पड़ताल कर रही है कि आखिर क्यों दोनों सहकर्मी बीच सड़क पर रिसेप्शनिस्ट को पीटने पर उतारू हो गईं ?