ग्वालियर में ऑनर किलिंग, पिता और चाचा को नहीं पसंद था बेटी का बॉय कट बाल रखना, शहर से बाहर नौकरी करना, गला दबाकर की हत्या

ग्वालियर। जिले के पिछोर देहात से एक ऑनर किलिंग का मामला सामने आया है। 21 वीं सदी में बॉय कट बाल रखने और शहर से बाहर नौकरी करने से नाराज पिता और चाचा ने एक युवती की गला घोंटकर हत्या कर दी। वहीं पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि आरोपी चाचा फरार हो गया है।
दरअसल पिछोर थाना अंतर्गत पथरियापुरा गांव में रहने वाली नंदनी यादव कर्नाटक के विजय नगर में प्राइवेट नौकरी करती है। नंदनी हाल ही में रक्षा बंधन पर घर आई थी। मां सुमन यादव ने बताया है कि नंदनी बॉय कट बाल रखती थी। पिता भगवान सिंह यादव और चाचा संतोष सिंह यादव को उसके बालों का स्टाइल और शहर से बाहर नौकरी करना कतई पसंद नहीं था। उन्होंने नंदनी से नौकरी करने और बाल कटवाने पर कई दफा नाराजगी जताई थी। लेकिन नंदनी उनकी बातों को हर बार नजरअंदाज कर देती थी। नंदनी, अपने पैरों पर खड़ा होना चाहती थी तथा जीवन में आगे बढ़ना चाहती थी। सोमवार को एक बार फिर पिता और चाचा ने नंदनी के बालों और शहर से बाहर नौकरी करने पर नाराजगी जताई थी। इसके चलते नंदनी का उनसे विवाद हो गया। नंदनी हाजिर जवाब प्रवृति की लड़की थी। पिता और चाचा को उसका पलटकर जवाब देना पसंद नहीं आया। इसलिए उन्होंने उसके साथ मारपीट की और गला घोंटकर हत्या कर दी। इस दौरान नंदनी की मां, छोटी बहन और मुंहबोले भाई ने उसे बचाने की कोशिश भी की, लेकिन पिता और चाचा के सिर पर खून संवार था। उन्होंने उनको भी पिटा। गला दबाने से जब नंदनी की मरणासन्न स्थिति में पहुंच गई तो पिता और चाचा दोनों उसको घर में छोड़कर भाग निकले। आनन फानन में मां सुमन ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर नंदनी को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टर्स ने नब्ज टटोलते ही मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पिता भगवान सिंह यादव को हिरासत में ले लिया। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी पिता ने बेटी की हत्या किए जाने का गुनाह कुबूल किया है। इसके बाद पुलिस ने मृतका की मां सुमन यादव की शिकायत पर आरोपी पिता भगवान सिंह यादव और आरोपी चाचा संतोष सिंह यादव के विरुद्ध हत्या की धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम भेज दिया। फिलहाल आरोपी चाचा संतोष सिंह यादव पुलिस पकड़ से बाहर बताया जा रहा है और पुलिस उसके संभावित ठिकानों पर दविश दे रही है।

(सोर्स, बाइट - सुमन यादव, मृतका की मां
बाइट - सौरभ कुमार, एसडीओपी, ग्वालियर)