नेपाल त्रासदी ; भीषण बाढ़ से अब तक 768 लोगों की मौत, ढाई हजार से ज्यादा लापता, राहत और बचाव कार्य जारी
दिल्ली/ ग्वालियर। नेपाल में आई बाढ़ ने रसुवा के भोटकोशी इलाके में भीषण तबाही मचाई है। जानकारी के अनुसार इस त्रासदी में सैंकड़ों लोगों की मौत हो गई है और हजारों लोग अभी भी लापता हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार 26 अगस्त को नेपाल के रसुवा स्थित भोटकोशी इलाके में अचानक बाढ़ आ गई थी। बाढ़ आने की वजह ग्लेशियर बर्स्ट होना बताया जा रहा था। इस घटना में अब तक 768 लोगों के शव मिल चुके हैं, जबकि ढाई हजार से ज्यादा लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं। वहीं 4 हजार 5 सौ लोगों को अभी तक रेस्क्यू करके सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया है। भारतीय सेना भी राहत एवं बचाव कार्यों में जी जान से जुटी है। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो चार दिन बीत जाने के बाद भी खतरा पूरी तरह से टला नहीं है। मौसम विभाग की मानें तो बारिश की संभावना से अभी इंकार नहीं किया जा सकता है। ऊंचे और पहाड़ी इलाकों में बनी दो झील दोबारा बाढ़ की आशंका को जन्म दिए हैं। हालांकि नेपाल का मौसम विभाग हल्की बारिश की संभावना जता रहा है लेकिन बड़े पैमाने पर बाढ़ आने की संभावनाओं को नकार रहा है। वहीं वरिष्ठ जल वैज्ञानिकों का मानना है कि बाढ़ का खतरा अभी बना हुआ है। क्योंकि बुधवार को जहां हिमस्खलन हुआ था, वहां दो झील बन गई हैं। इसके अलावा भूस्खलन के कारण नदी का रास्ता रुक जाना झील निर्मित होने की वजह बताया जा रहा है। फिलहाल युद्धस्तर पर राहत और बचाव कार्य जारी हैं और संभावना है कि अधिकांश लापता लोगों को खोज लिया जायेगा।
(मीडिया रिपोर्ट्स के आधार पर)