ग्वालियर : सिथौली रेल स्प्रिंग कारखाना में मैनुअल पंचिंग के स्थान पर अब मेटल लेजर मार्किंग मशीन का उपयोग
ग्वालियर। भारतीय रेल के आधुनिकीकरण एवं गुणवत्ता नियंत्रण को सुदृढ़ बनाने की दिशा में उत्तर मध्य रेलवे के प्रधान मुख्य यांत्रिक इंजीनियर श्री ए.के. द्विवेदी के मार्गदर्शन तथा मुख्य कारखाना इंजीनियर श्री रजनीश बंसल के कुशल नेतृत्व में रेल स्प्रिंग कारखाना, सिथौली (ग्वालियर) द्वारा स्प्रिंगों की पहचान एवं मार्किंग प्रक्रिया में महत्वपूर्ण तकनीकी सुधार किया गया है।
रेल स्प्रिंग कारखाना, सिथौली भारतीय रेलवे के विभिन्न रोलिंग स्टॉक्स, जैसे LHB एवं ICF कोचों के लिए उच्च गुणवत्ता वाले हॉट-कॉइल्ड हेलिकल स्प्रिंग्स का निर्माण करता है। स्प्रिंगों पर पहचान संबंधी विवरण अंकित करने के लिए पूर्व में अपनाई जा रही मैनुअल पंचिंग प्रक्रिया के स्थान पर अब Metal Laser Marking Machine का उपयोग किया जा रहा है। इस मशीन की खरीद की लागत 3,49,999.80 रुपए है।
लेजर मार्किंग तकनीक अपनाने से स्प्रिंगों पर अंकित विवरण अधिक स्पष्ट, सटीक, समान एवं स्थायी रूप से दर्ज किए जा सकेंगे। इससे मैनुअल पंचिंग में होने वाली मानवीय त्रुटियों में कमी आएगी तथा उत्पाद की Traceability एवं Quality Control को और अधिक मजबूत बनाया जा सकेगा। साथ ही, मार्किंग प्रक्रिया में बेहतर कार्यकुशलता प्राप्त होगी और तैयार स्प्रिंगों की पहचान एवं रिकॉर्डिंग अधिक व्यवस्थित ढंग से संभव होगी।
यह मशीन न केवल उत्पादन प्रक्रिया के आधुनिकीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, बल्कि गुणवत्ता, विश्वसनीयता, कार्यकुशलता एवं तकनीकी उन्नयन के प्रति रेल स्प्रिंग कारखाना, सिथौली की प्रतिबद्धता को भी दर्शाती है।
इस उपलब्धि को प्राप्त करने में रेल स्प्रिंग कारखाना, सिथौली के मुख्य कारखाना प्रबंधक श्री शिवाजी कदम, उप मुख्य यांत्रिक इंजीनियर श्री भानु प्रताप सिंह, सहायक रसायन एवं धातुकर्मयज्ञ श्री रमेश कुमार हनोते, सहायक कार्य प्रबंधक श्री धनंजय रहालकर, सहायक कार्य प्रबंधक संयंत्र श्री अजय विक्रम सिंह तथा उनकी समर्पित टीम का विशेष योगदान रहा है।
रेल स्प्रिंग कारखाना, सिथौली द्वारा इस प्रकार की आधुनिक तकनीकों को अपनाकर उत्पादन प्रक्रियाओं को अधिक सटीक, सुरक्षित, गुणवत्तापूर्ण एवं दक्ष बनाने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।