विवाद बड़े काम की चीज है !
वंदे मातरम् को लेकर फालतू का विवाद खड़ा कर दिया गया है कि अब ये जब भी गाया जाएगा सभी छः पद गाए जाएँगे, सिर्फ़ दो पद नहीं जो समूचा देश दशकों से गाता आया है.
हमारे स्कूल में भी हर रोज पढ़ाई शुरू होने से पहले प्रार्थना सभा में वंदे मातरम् गाया जाता था- सिर्फ़ दो पद, जो मुझे आज भी कंठस्थ हैं.
मुझे तो पता ही नहीं था कि इस कविता में चार पद और भी हैं. बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय की मूल कविता में दो ही पद थे. बाद में जब उन्होंने अपने उपन्यास आनंदमठ में इसे जोड़ा तब तीन छंद और जोड़ दिए.
हमारा राष्ट्रगान जन गण मन भी सिर्फ़ एक पद का ही नहीं है. इस गान में चार पद और भी हैं. लेकिन हम सिर्फ़ पहला पद गाते हैं जो जय हे पर समाप्त होता है. इसे ही हम राष्ट्रगान मानते हैं.
इसी तरह हमारा आदर्श वाक्य “सत्यमेव जयते” अलग से थोड़े ही बना है. यह मुंडक उपनिषद के इस श्लोक से लिया गया है:
“सत्यमेव जयते नानृतं
सत्येन पन्था विततो देवयानः…”
अब सवाल ये है कि वंदे मातरम् के बाक़ी पदों में ऐसा क्या है कि इसके सभी पद गाने पर इतना ज़ोर दिया जा रहा है. इसलिए, क्योंकि बाक़ी पदों में हिंदू देवी देवताओं की स्तुतियाँ हैं. अल्पसंख्यक समुदायों और महर्षि वृहस्पति/ महर्षि चार्वाक के अनुयायी निरीश्वरवादियों को इन पर आपत्ति हो सकती है.
इस प्रकार की आपत्तियाँ चुनाव की दृष्टि से बड़े काम की चीज होती हैं.
लेखक - श्री प्रभात डबराल, वरिष्ठ पत्रकार
( साभार - श्री प्रभात डबराल जी की फेसबुक पोस्ट से )