ग्वालियर : प्रभु का नाम ही भव सागर से तरने का एक मात्र सहारा
ग्वालियर। सिद्धपीठ गंगा दास जी की बड़ी शाला में झूलन महोत्सव के अवसर पर परम पूज्य पूरन बैराठी पीठाधीश्वर स्वामी रामसेवक दास जी महाराज के पावन सानिध्य चल रही श्रीमद् भागवत कथा के तृतीय दिवस की कथा में पंडित जानकी वल्लभ शास्त्री जी ने प्रभु नाम की महिमा का मंत्र मुग्ध कर देने वाला वर्णन किया।
उन्होंने व्यासपीठ से कहा कि कलयुग में प्रभु का नाम ही भव सागर से पार होने का एक मात्र सहारा है। इसलिए हरेक जीव को सच्चे भाव से भगवान के नाम के स्मरण में जुट जाना चाहिए। कथा में व्यासजी ने बिदुर चरित्र के माध्यम से बताया कि कैसे प्रभु भाव के वश में होकर बिदुर जी के घर जाकर बिदुरानी के हाथ से केले के छिलके पाए। मानो प्रभु यह बताना चाहते हैं कि वह कभी पदार्थ नहीं देखता। केवल भक्त का भाव देखता हैं। समर्पण भाव से जो भी उन्हें अर्पण कर दो, वही ग्रहण कर लेते हैं। इस अवसर पर कपिल देवहुति चरित्र का सुन्दर वर्णन किया गया और धुर्व चरित्र के माध्यम से बताया गया, अगर परमात्मा को प्राप्त करने की इच्छा दृण हो तो परमात्मा अवश्य कृपा करते हैं। यही वजह है कि 5 वर्ष के बालक धुर्व को प्रभु ने दर्शन दिए। कथा में भक्तों को भगवान की नाम की अनन्त महिमा के बारे में कर्ण प्रिय भाषा में समझाया गया।
रामचरितमानस में बाबा तुलसीदास जी कहते हैं :
' राम नाम मनिदीप धरु जीह देहरीं द्वार।
तुलसी भीतर बाहेरहुँ जौं चाहसि उजिआर॥'
अर्थात, यदि आप अपने भीतर और बाहर, दोनों ओर आध्यात्मिक प्रकाश चाहते हैं तो अपनी जिह्वा रूपी देहरी पर 'राम' नाम का मणिमय दीपक प्रज्वलित कर लीजिए।
कथा उपरांत वृन्दावन से पधारी मंडली ने रास लीला की सुन्दर प्रस्तुति दी। जिसमें भगवान की मनमोहक झांकियों को देख उपस्थित श्रोता झूम उठे। इस अवसर पर कथा के परीक्षत श्री लीलाधर शर्मा, कान्ता शर्मा, राम किशन दास, श्री दास जी, रामभजन दास, काली चरण दास, संत दान बिहारी शरण, शत्रुघ्न दास, सत्य देव दास त्यागी आदि संत गण उपस्थित रहे।
रिपोर्ट - अवधेश गुर्जर