ग्वालियर : STF भोपाल में पदस्थ इंस्पेक्टर के खिलाफ दुष्कर्म का केस दर्ज, शादी का झांसा देकर महिला का ढाई साल तक शारीरिक शोषण करने का आरोप
ग्वालियर। ग्वालियर में एक महिला ने STF भोपाल में पदस्थ इंस्पेक्टर पर शादी का झांसा देकर ढाई साल तक शारीरिक शोषण करने का गंभीर आरोप लगाया है। महिला की शिकायत पर महिला थाना पुलिस ने इंस्पेक्टर के खिलाफ दुष्कर्म और धमकाने की धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी इंस्पेक्टर आनंद कुमार वर्तमान में STF भोपाल में पदस्थ है, इससे पहले वह ग्वालियर के थाटीपुर थाने में सब इंस्पेक्टर के पद पर तैनात था।
दरअसल 34 वर्षीय पीड़िता ने पुलिस को बताया कि साल 2022 में उसका पति से पारिवारिक विवाद चल रहा था। इस मामले में वह थाटीपुर थाने गई थी, जहां उसकी मुलाकात तत्कालीन सब इंस्पेक्टर आनंद कुमार से हुई। आरोप है कि आनंद ने केस में मदद का भरोसा देकर उसका मोबाइल नंबर ले लिया और बातचीत शुरू कर दी। महिला के मुताबिक 10 अक्टूबर 2022 की रात लगभग 11 बजे आनंद उसके थाटीपुर स्थित किराए के कमरे पर पहुंचा था। देर रात घर आने पर जब उसने आपत्ति जताई तो आनंद ने दरवाजा अंदर से बंद कर लिया। इस दौरान आनंद ने कहा कि उसकी पत्नी कैंसर से पीड़ित है और जल्द ही उसकी मौत हो जाएगी। इसके बाद वह उससे शादी कर लेगा। इसी झांसे में लेकर उसने दुष्कर्म किया। पीड़िता का आरोप है कि इसके बाद भी आरोपी लगातार उससे मिलता रहा और शादी का वादा कर शारीरिक शोषण करता रहा। उसने साजिशन एक परिचित के मकान में किराए से कमरा भी दिलवाया। इतना ही नहीं किराया भी खुद ही भरता रहा। जब महिला ने शादी के लिए दबाव बनाया तो आरोपी ने इंकार कर दिया। पीड़िता का आरोप है कि शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी। परेशान होकर पीड़िता ने महिला थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने बताया कि महिला की शिकायत के आधार पर एसटीएफ इंस्पेक्टर आनंद कुमार के खिलाफ एआईआर दर्ज कर ली गई है। महिला के बयान, मोबाइल चैट और अन्य सबूतों के आधार पर मामले की बारीकी से जांच की जा रही है।
(सोर्स, बाइट- रश्मि भदौरिया, महिला थाना प्रभारी, ग्वालियर)
रिपोर्ट : विनोद सिंह तोमर