भोपाल : पहली बार जेन अल्फा सड़क पर उतरा, रीजनल स्कूल के सैकड़ों बच्चों ने की केवी मर्जर के खिलाफ आवाज बुलंद
भोपाल। शहर में एक अनोखा नजारा देखने को मिला। शिक्षा से जुड़े मुद्दे पर पहली बार ‘जेन अल्फा’ पीढ़ी सड़क पर उतरी। रीजनल स्कूल (डीएमएस) के करीब 300 से 400 छात्र-छात्राओं ने स्कूल को केंद्रीय विद्यालय संगठन (केवीएस) में मिलाने के प्रस्ताव के खिलाफ प्रदर्शन किया।
बच्चों के हाथों में ‘सेव डीएमएस’ और अन्य नारे लिखे पोस्टर थे। उन्होंने रीजनल कॉलेज के प्राचार्य प्रो. एसके गुप्ता को ज्ञापन सौंपकर साफ कहा कि संविलयन की प्रक्रिया तुरंत रोकी जाए। मांगें नहीं मानी गईं तो आंदोलन को आगे बढ़ाया जाएगा।
डीएमएस यानी डेमोंस्ट्रेशन मल्टीपर्पज स्कूल को प्रायोगिक बहुउद्देशीय विद्यालय कहा जाता है। छात्र और अभिभावक दोनों का मानना है कि यह सामान्य स्कूल नहीं है। शिक्षा में प्रयोग और नवाचार की इसकी अलग पहचान है, जिसे बनाए रखना जरूरी है।
प्रदर्शन के बाद छात्रों ने प्राचार्य को दिए ज्ञापन में मौजूदा स्वरूप को यथावत रखने की मांग दोहराई। अभिभावकों की सबसे बड़ी चिंता केंद्रीय विद्यालयों की प्रवेश नीति को लेकर है। उनका कहना है कि केवी में प्राथमिकताएं अलग होने से मौजूदा छात्र और सामान्य परिवारों के बच्चे दोनों के प्रवेश पर असर पड़ सकता है। ( मीडिया रिपोर्ट्स के हवाले से )