ग्वालियर : ज्वेलर्स की दुकान में घुसकर फायरिंग, बाल बाल बचा दुकानदार, लूट की नीयत से दुकान में घुसे बदमाश, दोनों बदमाशों को दुकानदार ने भीड़ के साथ मिलकर पकड़ा
ग्वालियर। शहर में बदमाशों के हौंसले बुलंद हैं। बीती रात भीड़ भरे बाजार में दो नकाबपोश बदमाशों ने एक ज्वेलर्स की दुकान में घुसकर फायरिंग कर दी। लूट की नीयत से की गई घटना में दुकानदार बाल बाल बच गया। इसके बाद दुकानदार ने साहस का परिचय देते हुए भीड़ की मदद दोनों बदमाशों को दबोच लिया। जिसके बाद भीड़ ने बदमाशों की जूतों से जमकर खबर ली। फायरिंग का सीसीटीवी फुटेज और एक वीडियो सामने आया है। फिलहाल पुलिस पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ कर रही है।
गोला का मंदिर थाना अंतर्गत पिंटो पार्क स्थित सूर्य बिहार में विनय सोनी की प्रत्यक्षा ज्वेलर्स के नाम से दुकान है। विनय, पटरी रोड स्थित अमलतास कॉलोनी में रहते हैं। अमूमन विनय के साथ उनके पिता भी दुकान पर बैठते हैं। लेकिन सोमवार रात करीबन साढ़े आठ बजे विनय दुकान पर अकेले बैठे हुए थे। तभी दो नकाबपोश बदमाश दुकान में घुस आए और उन्हें निशाना बनाकर एक के बाद एक दो लगातार फायर कर दिए। घटना के दौरान दोनों बदमाश हाथ में ग्लब्स पहने हुए थे और हथियार लिए थे। पहले फायर पर विनय ने उनके निशाने हटकर अपना बचाव किया। बदमाशों ने जैसे ही दूसरा फायर किया, विनय ने सीट के पीछे छुपकर अपनी जान बचाई। अचानक हुई फायरिंग से संभलते हुए विनय ने कुर्सी उठाकर बदमाशों की तरफ उछाल दी। नतीजतन कुर्सी टकराने के चलते बदमाश दुकान के बाहर की तरफ गिर गए। इस बीच फायरिंग की आवाज सुनकर भीड़ इकट्ठा हो गई और काउंटर लांघकर भीड़ की मदद से विनय ने दौड़कर दोनों बदमाशों को पकड़ लिया। इसके बाद भीड़ ने दोनों बदमाशों की मौके पर ही जूतों से खबर ली। इस बीच विनय ने पुलिस को सूचना दे दी और पुलिस ने बिना वक्त गंवाए मौके पर पहुंचकर दोनों बदमाशों को कब्जे में ले लिया। साथ ही उन्हें थाने ले आई। मौके पर पुलिस को दोनों बदमाशों से वारदात में इस्तेमाल किया गया कोई हथियार नहीं मिला है। पकड़े गए बदमाशों के नाम विकास केवट और अजय केवट बताए जा रहे हैं। दोनों बदमाश मूलतः अशोक नगर जिले के ग्राम पिचाईखेड़ा के रहने वाले बताए जा रहे हैं। प्रारंभिक रूप से पुलिस का मानना है कि बदमाशों ने लूट की नीयत से दुकान में घुसकर संचालक पर फायरिंग की है। फिलहाल पुलिस पकड़े गए दोनों बदमाशों से सघन पूछताछ कर रही है। ताकि घटना में प्रयुक्त हथियार सहित अन्य बिंदुओं की जानकारी हासिल की जा सके।
(सोर्स, बाइट - विनय सोनी, पीड़ित ज्वेलर्स
बाइट - संदीप बांगरे, सीएसपी गोले का मंदिर सर्किल, ग्वालियर)