भिंड : NH-719 पर मौत का तांडव, गोवंश को बचाने के चक्कर में डंपर से भिड़ी मजदूरों से भरी पिकअप वैन, 8 की मौत, 26 घायल, चित्कार से गूंज उठा हाईवे

भिंड। ग्वालियर-भिंड-इटावा नेशनल हाईवे -719 पर बीती रात करीब एक बजे भीषण सड़क हादसा हुआ है। गोहद चौराहा थाना क्षेत्र के छीमका मोड़ के पास मजदूरों से भरी पिकअप और डंपर की आमने-सामने की टक्कर में 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि 26 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद ग्वालियर रेफर किया गया है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक, उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी के रहने वाले मजदूर डबरा के चीनोर इलाके में धान की रोपाई का काम करने के बाद पिकअप लोडिंग वाहन से अपने घर लौट रहे थे। इसी बीच छीमका मोड़ के पास सड़क पर बैठे गोवंश को बचाने के प्रयास में पिकअप अनियंत्रित होकर सामने से आ रहे डंपर से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार मजदूर सड़क पर जा गिरे। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही गोहद चौराहा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और डायल 112 व एंबुलेंस की मदद से घायलों को गोहद अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने पांच लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल 26 लोगों को बेहतर इलाज के लिए ग्वालियर रेफर किया गया। बताया जा रहा है कि ग्वालियर ले जाते समय रास्ते में तीन और घायलों की मौत हो गई। इस तरह हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर आठ हो गई है। फिलहाल पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। हादसे ने एक बार फिर NH-719 पर सड़क सुरक्षा और हाईवे पर बैठे आवारा गोवंश को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। (सोर्स, बाइट- घायल बाइट- डॉक्टर, गोहद अस्पताल)