ग्वालियर : सूदखोरों से परेशान एक कांग्रेस नेता विषाक्त पदार्थ खाकर एसपी ऑफिस पहुंचा, तबियत बिगड़ती देख पुलिसकर्मी लेकर पहुंचे अस्पताल, डॉक्टर्स ने नब्ज टटोलते ही किया मृत घोषित, मृतक से मिला सुसाइड नोट, सुसाइड नोट में सभी नौ सूदखोरों के नाम, कांग्रेस नेता था प्रॉपर्टी डीलर

ग्वालियर। सूदखोरों से परेशान एक कांग्रेस नेता आज विषाक्त पदार्थ खाकर एसपी ऑफिस पहुंच गया। जहां बैठते ही बेहोश होकर जमीन पर गिर गया और उसके मुंह से झाग निकलने लगा। कांग्रेस नेता की तबियत बिगड़ती देख पुलिसकर्मी उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां नब्ज टटोलते ही डॉक्टर्स ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं पुलिस को मृतक के पास से एक सुसाइड नोट मिला है, जिसमें नौ सूदखोरों के नामों का जिक्र किया गया है। कांग्रेस नेता प्रॉपर्टी डीलर का काम किया करता था। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम करके मामले की विवेचना शुरू कर दी है। सोमवार दोपहर तकरीबन 2 बजे एक युवक यूनिवर्सिटी थाना अंतर्गत एसपी ऑफिस पहुंचा था। बताया गया है कि युवक बेंच पर बैठते ही बेहोश होकर जमीन पर गिर गया और उसके मुंह से सफेद झाग निकलने लगा। ऑफिस में मौजूद पुलिसकर्मियों के हाथ पैर फूल गए। आनन फानन में उसे ने पुलिस वाहन से जयारोग्य अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया। जहां डॉक्टर्स ने नब्ज टटोलते ही उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम हाउस पहुंचा दिया है। मृतक की पहचान राजेश राजपूत निवासी ग्राम जिग़सौली के रूप में हुई है। राजेश कांग्रेस नेता होने के साथ प्रोपर्टी डीलर का काम करता था। पता चला है कि राजेश पूर्व में प्रदेश किसान कांग्रेस का पदाधिकारी रह चुका है। राजेश के दो बेटे हैं। पुलिस को मृतक के पास से एक सुसाइड नोट मिला है, जिसमें उसने नौ सूदखोरों के नामों का जिक्र किया है और उन पर भारी भरकम ब्याज वसूलने के लिए दबाव बनाने के आरोप लगाए हैं। सुसाइड नोट में पप्पू गुर्जर नामक सूदखोर का जिक्र किया गया है, जो बीएसपी नेता बताया गया है। सुसाइड नोट के अनुसार राजेश ने ब्याज पर जितने रुपए लिए थे, उससे कई गुना ज्यादा रुपए अदा कर चुका था। बाबजूद इसके सूदखोर उसे कॉल करके आएदिन धमकाते थे। परिजनों ने राजेश को सूदखोरों के साथ कई दफा देख लिया था, लिहाजा उनसे सतर्क रहने की नसीहत दी थी। राजेश परेशान रहता था, यही वजह है कि परिजनों ने उससे कई बार परेशान रहने का कारण जानना चाहा था । लेकिन हर बार पूछने पर टाल जाता था। पुलिस ने मृतक के पेंट से एक सुसाइड नोट बरामद किया है, जिसमें सभी नौ सूदखोरों सहित लेनदारों के नाम लिखे हैं। फिलहाल पुलिस मर्ग कायम करके शव का पोस्टमार्टम करा रही है। ताकि मौत की पुष्ट वजह पता चल सके। साथ ही मामले की बारीकी से विवेचना शुरू कर दी है। (सोर्स, बाइट - रामहेत राजपूत मृतक का छोटा भाई बाइट - अमर सिंह सिकरवार डीएसपी ग्वालियर)