अंकिता भंडारी के परिवार से मिले राहुल गांधी, कहा - राज्य सरकार ख़ुद आज तक उस 'वीआईपी' को संरक्षण दे रही है

दिल्ली/ ग्वालियर। कांग्रेस सांसद एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने बीते रोज एक्स पर पोस्ट करके बताया है कि उन्होंने अंकिता भंडारी के परिवार से मुलाकात की है। उन्होंने अपनी पोस्ट में अक्षरशः लिखा है कि "अंकिता भंडारी के परिवार से 2 दिन पहले मिला। चार साल बीत चुके हैं, लेकिन आज भी वो न्याय का इंतज़ार कर रहे हैं। अपनी बच्ची के ख़िलाफ़ एक ऐसे अपराध के लिए जिसकी कोई माफी नहीं।

सिर्फ 19 साल की अंकिता वनंतरा रिज़ॉर्ट में रिसेप्शनिस्ट थीं जहां एक "VIP" मेहमान की शर्मनाक मांग का विरोध करने पर चीला नहर में डुबो कर उनकी हत्या कर दी गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने हिंसा और डुबोने के सबूतों की पुष्टि भी की।

राहुल गांधी ने आगे लिखा है, "मगर, रिज़ॉर्ट में अंकिता के रूम को किसी भी तरह की जांच होने से पहले ध्वस्त कर दिया गया जो खुद में संदेहपूर्ण है।"

राहुल गांधी ने गंभीर आरोप लगाते हुए लिखा कि "इस दुखद मामले में सबसे शर्मनाक बात है कि राज्य सरकार खुद आज तक उस "VIP" को संरक्षण दे रही है। क्यों? क्योंकि वह BJP-RSS का बड़ा नेता है।"

"यही BJP की विकृत मानसिकता है बलात्कारियों और अपराधियों को बचाना, उनका राजनीतिक संरक्षण करना, यहां तक कि बलात्कार के दोषियों का फूल-मालाओं से स्वागत करना। दुनिया में सबसे घिनौने इंसान वो होते हैं जो बलात्कारियों की रक्षा करते हैं और BJP में ऐसे लोगों की भरमार है।"

अंत में उन्होंने लिखा है कि "भारत तब तक आगे नहीं बढ़ सकता, जब तक महिलाओं को पुरुषों के इस्तेमाल की वस्तु समझने वाली यह अमानवीय मानसिकता खत्म नहीं होती। भारत तभी आगे बढ़ेगा, जब भारत की महिलाएं आगे बढ़ेंगी। सम्मान, सुरक्षा, समानता और न्याय के साथ।"

यहां बता दें कि अंकिता भंडारी पौड़ी जिले में यमकेश्वर स्थित वनंतरा रिज़ॉर्ट में रिसेप्शनिस्ट थीं। सितम्बर 2022 में संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गईं थीं। तफ्तीश के दौरान पुलिस को लगभग एक सप्ताह बाद उनका शव चीला शक्ति नहर से बरामद हुआ था।