भोपाल : स्वतंत्रता दिवस की 80 वीं वर्षगांठ, लाल परेड ग्राउंड पर सीएम डॉ. यादव ने किया ध्वजारोहण, ली सलामी, कहा- 2027 होगा युवा वर्ष, रोजगार सहित मिशन GYANII पर होगा फोकस
- *80वें स्वतंत्रता दिवस पर देशभक्ति के रंग में रंगा मध्यप्रदेश*
- *सीएम डॉ. मोहन ने संदेश में यूसीसी सहित हर क्षेत्र का किया जिक्र*
- *मृगनयनी बना देश का पहला सार्वजनिक उपक्रम*
- *पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश को हासिल हुईं ऐतिहासिक उपलब्धियां*
भोपाल। 80वें स्वतंत्रता दिवस पर 15 अगस्त को पूरा मध्यप्रदेश देशभक्ति के रंग में रंग गया। चारों ओर तिरंगा लहराया और देशभक्ति गीतों ने युवाओं को उत्साह से भर दिया। इस बीच मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भोपाल के लाल परेड ग्राउंड पर आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में ध्वजारोहण किया। ध्वजारोहण से पहले राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम का गायन हुआ और ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगान जन-गण-मन की धुन बजाई गई। उसके बाद मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने परेड का निरीक्षण किया और सलामी ली। परेड में सशस्त्र दलों ने हर्ष फायर किया और पुलिस बैंड ने देश भक्ति गीतों की धुनों से वातावरण में राष्ट्र प्रेम और समर्पण के भाव का संचार किया। परेड में पुलिस बैंड सहित कुल 22 टुकड़ियों ने भाग लिया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रदेश के नाम अपने संदेश में समान नागरिक संहिता (Uniform Civil Code-UCC), किसान, खेत, निवेश, शिक्षा, युवा, वन, धर्म-संस्कृति सहित हर क्षेत्र का जिक्र किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस के शुभ अवसर पर, आप सभी को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। मैं प्रदेश के साढ़े आठ करोड़ नागरिकों की ओर से आजादी के सभी जननायकों और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के चरणों में, कोटि-कोटि वन्दन करता हूं। स्वाधीनता के इस संग्राम में, रानी दुर्गावती, रानी अवंती बाई, महाराजा छत्रसाल और टंट्या मामा भील से लेकर चंद्रशेखर आजाद तक मध्यप्रदेश के अनगिनत वीर सपूतों ने भी अपनी आहुतियां दी हैं। कृतज्ञ मध्यप्रदेश आज उन सभी को श्रृद्धा पूर्वक नमन करता है। उन्होंने कहा मैं मध्यप्रदेशवासियों की ओर से, पुलिस और हॉक फोर्स के उन वीर जवानों को श्रृद्धांजलि अर्पित करता हूं, जो आंतरिक सुरक्षा के मोर्चे पर, असीम शौर्य का परिचय देते हुए, वीरगति को प्राप्त हुए। ऐसे ही जांबाजों की बदौलत, नक्सल मुक्त प्रदेश बनाने की ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल हुई है। पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल ने, भारत वर्ष की महिमा को इन पंक्तियों में व्यक्त किया है, 'भारत जमीन का टुकड़ा नहीं, जीता जागता राष्ट्रपुरूष है, हिमालय मस्तक है, कश्मीर किरीट है, पंजाब और बंगाल दो विशाल कंधे हैं। पूर्वी और पश्चिमी घाट दो विशाल जंघाएं हैं। कन्याकुमारी इसके चरण हैं, सागर इसके पग पखारता है। यह चन्दन की भूमि है, अभिनन्दन की भूमि है, यह तर्पण की भूमि है, यह अर्पण की भूमि है। इसका कंकर-कंकर शंकर है, इसका बिन्दु-बिन्दु गंगाजल है। हम जिएंगे तो इसके लिए, मरेंगे तो इसके लिए।'
*अविस्मरणीय है आज का महोत्सव*
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि आजादी का ये महोत्सव इसलिए भी अविस्मरणीय हो गया है क्योंकि, आज राष्ट्रीय पर्व पर राष्ट्रीय गीत वन्दे-मातरम् का भी गायन हो रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में जनकल्याण को केन्द्र में रखते हुए भारत को आधुनिक, विकसित, आत्मनिर्भर, सुरक्षित, समृद्ध और गौरवशाली राष्ट्र बनाने की दिशा में अनेक ऐतिहासिक उपलब्धियां प्राप्त हुई हैं। उनके कुशल मार्गदर्शन में आज भारत की गणना विश्व के अग्रणी राष्ट्रों में हो रही है। उन्होंने कहा कि भारत की भूमि समानता, समरसता और समभाव की भूमि है। भगवान श्रीराम से लेकर भगवान श्री कृष्ण तक और संतों से लेकर महापुरुषों तक, सभी ने समानता का संदेश दिया है। भारतीय संविधान की इसी मूल भावना के अनुरूप ऐतिहासिक कदम उठाते हुए मध्यप्रदेश में समान नागरिक संहिता कानून लागू कर रहें हैं। हमने ‘’एक देश- एक विधान- एक प्रधान- एक निशान’’ के विचार को धरातल पर उतारकर, सबके लिए एक जैसा कानून लागू कर रहें हैं। समान नागरिक संहिता एक ओर भेदभावपूर्ण व्यवहार को समाप्त कर समरसता का संचार करेगी तो दूसरी ओर महिलाओं को अत्याचार और अन्याय से मुक्ति दिलाएगी ।
*भारतीय संस्कृति का मूल वसुधैव कुटुम्बकम*
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि समरसता के संत गुरू रविदास जी महाराज की 650वीं जयन्ती का उत्सव हम 18 अगस्त, 2026 से प्रदेश भर में मनाने जा रहे हैं।‘’वसुधैव कुटुम्बकम्’’ भारतीय संस्कृति का मूल है। यह हर्ष का विषय है कि, जून 2026, में ब्रिक्स देशों के कृषि मंत्रियों एवं कृषि कार्य समूह तथा अगस्त, 2026 में ब्रिक्स देशों के संस्कृति मंत्रियों और ब्रिक्स संस्कृति कार्य समूह की, बैठक के आयोजन का सौभाग्य मध्यप्रदेश को प्राप्त हुआ है। इन आयोजनों ने न केवल मध्यप्रदेश को दुनिया के मानचित्र पर नई चमक दी है, बल्कि वैश्विक शांति और साझी संस्कृति का एक मजबूत रोडमैप प्रस्तुत किया है। उन्होंने कहा कि लोक का तंत्र पर भरोसा ही सुशासन की पहली सीढ़ी है। जन-कल्याण यदि साध्य है तो, जन-विश्वास और जन-संवाद उसके साधन। इसी लक्ष्य के साथ सरकार ने दिनांक 7 अगस्त-2026 से ‘’मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान’’ प्रारंभ किया है। उन्होंने कहा कि जन-विश्वास अभियान का लक्ष्य स्पष्ट है- ‘’न देरी, न दूरी’’। समाधान से उत्थान के पवित्र भाव के साथ, इस अभियान का प्रथम चरण 8 जनवरी-2027 तक संचालित किया जाएगा। हमारी सरकार ने, वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 4 लाख 38 हजार करोड़ रुपए का बजट पेश किया, जो पिछले वित्तीय वर्ष से 10 प्रतिशत अधिक है। राज्य की प्रति व्यक्ति आय में प्रचलित भावों पर, पिछले वर्ष की तुलना में 9% की वृद्धि हुई है। त्रिवर्षीय रोलिंग बजट की अवधारणा को लागू करने वाला मध्यप्रदेश, देश का पहला राज्य है। प्रधानमंत्री मोदी ने ‘GYAN’ यानि गरीब, युवा, नारी और किसान का जो मंत्र दिया था, उसमें इंडस्ट्री और इंफ्रास्ट्रक्चर को जोड़कर हमने ज्ञानी (GYANII) के रूप में, उसका विस्तार कर दिया है।
*किसानों के खेत हमारे लिए देवस्थल*
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि किसानों के खेत सरकार के लिए देवस्थल हैं और खेत से उपजा एक-एक दाना प्रसाद के समान है। वर्ष-2026, को हम किसान कल्याण वर्ष के रूप में मना रहें है। सभी जिलों में, बलराम कृषि महोत्सव आयोजित कर, किसानों की मेहनत और समर्पण को सम्मानित किया जा रहा है। प्रदेश के इतिहास में पहली बार शासकीय योजनाओं के लिए, कृषि भूमि का भू-अर्जन करने पर किसानों को चार गुना मुआवजा दिए जाने का किसान हितैषी निर्णय लागू किया है। हमारी सरकार ने किसानों को आर्थिक सुरक्षा देने के उद्देश्य से नई "कवच'' योजना शुरू की है। ऐसी समितियां जिनकी जांच लंबित है, परन्तु उनके सदस्य किसान भाईयों का उसमें कोई दोष नहीं हैं, उनको नियमित किया जाकर योजनाओं का लाभ दिलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि किसान कल्याण वर्ष के दौरान सरकार ने प्रदेश के हर किसान को खाद-बीज की उपलब्धता, पर्याप्त बिजली, हर खेत को सिंचाई का पानी, न्यूनतम समर्थन मूल्य पर फसलों का उपार्जन, चिन्हित फसलों में भावान्तर की राशि का भुगतान, खेती पर संकट आने की स्थिति में बीमा और राहत राशि का वितरण, किसान सम्मान निधि की राशि का भुगतान आदि सभी लाभ दिलाने का कार्य किया गया है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने विगत ढाई वर्षों में विभिन्न योजनाओं के माध्यम से किसानों के खातों में 3 लाख करोड़ रुपए से अधिक की राशि अंतरित की गई है।
*सिंचित खेती भी रोजगार का बड़ा साधन*
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि कई बार हमारे मन में ऐसी धारणा बन जाती है कि रोजगार मुख्य रूप से केवल उद्योगों या नौकरियों से ही मिलता है। लेकिन, मैं प्रदेश के युवाओं को बताना चाहूंगा कि मध्यप्रदेश में अब सिंचित खेती भी रोजगार के एक बड़े साधन के रूप में उभर रही है। मैं खेती में रुचि रखने वाले युवाओं से आह्वान करना चाहूंगा कि, वे अधिक से अधिक उद्यानिकी फसलों को अपनायें। आज मध्यप्रदेश संतरा, केला, अंगूर, सीताफल, सब्जी और मसालों से लेकर मखाने, ब्लूबेरी, स्ट्राबेरी, ड्रैगन फ्रूट, गेंदा और गुलाब की खेती तक नई तकनीक और नई फसलें किसानों की तकदीर को बदल रही हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार मध्यप्रदेश को, देश की मिल्क-केपिटल बनाने के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। प्रदेश में दुग्ध संकलन आज लगभग 12 लाख लीटर प्रतिदिन के स्तर पर पहुंच चुका है। हमारे दुग्ध उत्पादकों को आठ रुपए से अधिक, प्रति लीटर तक का मुनाफा हो रहा है। प्रधानमंत्री मोदी के महिला सशक्तिकरण के संकल्प से प्रेरित होकर, प्रदेश में हम लखपति गौपालक दीदी योजना को प्रोत्साहित कर रहे हैं। नस्ल सुधार के साथ, बछिया पालन करके, प्रदेश की महिलाएं लखपति बनने का सपना साकार कर सकेंगी। उन्होंने कहा कि सरकार ने मत्स्य पालन नीति-2026 लागू की है, जिसके अंतर्गत एक अग्रणी अंतर्राष्ट्रीय कंपनी के साथ, मध्यप्रदेश में 7 हजार 430 करोड़ रुपए के निवेश तथा बाय-बैक एग्रीमेंट पर हस्ताक्षर किए गए है।
*अंतिम खेत तक सिंचाई के लिए संकल्पित सरकार*
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सरकार अंतिम छोर के अंतिम खेत तक सिंचाई के लिए पानी पहुंचाने के लिए संकल्पित होकर काम कर रही है। देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी का हृदय से आभार, जिन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री अटल की 100वीं जन्म जयंती के अवसर पर 44 हजार 600 करोड़ की लागत की देश की पहली, नदी जोड़ो केन-बेतवा परियोजना की सौगात दी है। मां नर्मदा के जल से, विंध्य अंचल में, हरियाली लाने का सपना स्लीमनाबाद टनल परियोजना की सफलता के रूप में साकार होने जा रहा है। वर्ष 2028-29 तक, मध्यप्रदेश की सकल सिंचाई क्षमता को बढ़ाकर, 100 लाख हेक्टेयर तक ले जाने का लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार, खेत से लेकर कारखाने तक यानी फार्म टू फैक्ट्री तक, पूरी वैल्यू चेन तैयार कर रही है। ’मृगनयनी’ देश का ऐसा, पहला सार्वजनिक उपक्रम बन गया है, जिसने प्रदेश के बुनकरों, कलाकारों और ओडीओपी उत्पादों को ग्लोबल मार्केट से जोड़ने के लिए डिजिटल प्लेटफॉर्म बनाया है। राष्ट्रीय हाथकरघा दिवस के अवसर पर प्रदेश में ‘हैण्डलूम सेंटर ऑफ एक्सीलेंस’ का शुभारंभ भी किया गया है। उन्होंने कहा कि युवा, मध्यप्रदेश के सामर्थ्य का जीवन्त प्रतीक हैं। राज्य सरकार ने वर्ष 2025 को, निवेश और रोजगार वर्ष के रूप में मनाया था, वर्ष 2026 किसान कल्याण वर्ष है और अब इसे आगे बढ़ाते हुए वर्ष 2027 को, हमने युवा वर्ष के रूप में, मनाने का निर्णय लिया है। युवाओं के संपूर्ण व्यक्तित्व विकास और कल्याण के लिए, हमने इन्द्रधनुषी रणनीति का निर्माण किया है, जिसके 7 महत्वपूर्ण स्तंभ हैं- गुणवत्तायुक्त शिक्षा, कौशल विकास, उद्यमिता एवं स्वरोजगार, सार्वजनिक एवं निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर, स्टार्टअप्स को सहयोग, खेल-कला-संस्कृति-शोध एवं अनुसंधान प्रोत्साहन और नेतृत्व क्षमता विकास।
*सरकार का लक्ष्य युवाओं को सशक्त बनाना*
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि हमने 85 हजार से अधिक युवाओं की शासकीय सेवाओं में नियुक्तियां की हैं तथा आने वाले समय में प्रतिवर्ष एक लाख से अधिक युवाओं को सार्वजनिक क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराएंगे। इसी प्रकार हमारी सरकार अगले 1 वर्ष में 1 लाख से अधिक युवाओं को आईटीआई में तथा प्रतिवर्ष 10 हजार युवाओं को ग्लोबल स्किल पार्क में कौशल प्रशिक्षण दिलाने का काम करेगी। हम कौशल विकास के अंतर्गत मध्यप्रदेश में एक अलग प्लेसमेंट सेल बनाऐंगे, जो उद्योग और सरकार के बीच, एक कड़ी का काम करेगा। उन्होंने कहा कि उद्यम पोर्टल पर विगत ढाई वर्षों में, 3 लाख 34 हजार से अधिक विनिर्माण ईकाईयां पंजीकृत हुई, जिनमें 33 लाख 80 हजार युवाओं को, प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर प्राप्त हुए हैं। वृहद औद्योगिक ईकाईयों में भी, 50 हजार से अधिक युवाओं को रोजगार प्रदान किया गया है। राज्य सरकार अगले ढाई वर्ष में, उन युवाओं पर विशेष रूप से फोकस करने जा रही है, जो किसी कारण से 10वीं की परीक्षा में उत्तीर्ण नहीं हो पाए अथवा जिन्होंने 10वीं के बाद पढ़ाई छोड़ दी है। हम ऐसे युवाओं के हाथ में हुनर देकर, उन्हें इतना सशक्त बनाएंगे कि वे प्रदेश ही नहीं बल्कि देश और विदेश जाकर भी रोजगार प्राप्त कर सकें।
*युवाओं के विकास के लिए बहुत कुछ कर रही सरकार*
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि युवाओं को केन्द्र में रखकर, एमएसएमई और स्टार्टअप इकोसिस्टम को नई गति देने के लिए प्रदेश में 'मध्यप्रदेश एमएसएमई विकास नीति 2025', 'स्टार्टअप नीति एवं कार्यान्वयन योजना 2025' नीति लागू की गई। प्रदेश में वर्तमान में लगभग 8 हज़ार स्टार्टअप संचालित हैं, इसमें से 50 प्रतिशत स्टार्टअप का नेतृत्व, नारी शक्ति, कर रही है। हमारा संकल्प है कि, प्रदेश के हर जिले में, कम से कम एक इंक्यूबेशन सेंटर हो। हमने आगामी ढाई वर्षों में स्टार्ट-अप की संख्या 12 हजार से अधिक और 100 नवीन इन्क्यूबेशन सेंटर की स्थापना करने का लक्ष्य रखा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 'प्लग-एंड-प्ले' मॉडल पर, को-वर्किंग स्पेस तैयार किए जाएंगे। युवा पीढ़ी की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए, ड्रोन, सेमीकंडक्टर, एआई, स्पेसटेक और ग्रीन मैन्युफैक्चरिंग जैसे उभरते क्षेत्रों में, एमएसएमई की भागीदारी को अनिवार्य रूप से बढ़ाया जाएगा। प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित न्यायालीन मामलों की, त्वरित सुनवाई और निराकरण के लिए, राज्य सरकार द्वारा 4 'फास्ट ट्रैक कोर्ट' स्थापित करने का भी निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि आर्टीफिशियल इंटेलीजेन्स के इस युग में, प्रधानमंत्री मोदी की प्रेरणा से, मध्यप्रदेश ‘’ऑरेन्ज इकॉनामी’’ के विकास की ओर भी, तेजी से कदम बढ़ा रहा है। इसके अंतर्गत मल्टीमीडिया, गेमिंग, कला, मीडिया, मनोरंजन जगत, संस्कृति, अध्यात्म एवं अन्य रचनात्मक गतिविधियां शामिल है। राज्य सरकार ने, समाज को, दिशा देने वाले डिजीटल कंटेंट क्रिएटर्स को, विभिन्न केटेगरी में सम्मानित करने का भी निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि सरकार की उद्योग अनुकूल नीतियों के कारण, प्रदेश में लगभग हर क्षेत्र में अभूतपूर्व निवेश प्राप्त हो रहा है। पिछले ढाई वर्षों में, विभिन्न क्षेत्रों में कुल 34 लाख करोड़ से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए, जिनमें से 10 लाख करोड़ रुपए से अधिक के प्रस्ताव धरातल पर उतर चुके हैं। उन्होंने कहा कि नई तकनीक आधारित उद्योगों में भी, मध्यप्रदेश तेजी से अपनी पहचान बना रहा है। प्रदेश के टेक सेक्टर में 12 हजार करोड़ से अधिक का निवेश, धरातल पर उतर चुका है। ग्वालियर में उभरता टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग जोन, जबलपुर और शिवपुरी में आगे बढ़ता डिफेंस कॉरीडोर, औद्योगिक विकास की कहानी खुद बयान कर रहा है। धार का पीएम मित्र पार्क, 21 हजार 500 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश के साथ, वस्त्र क्रांति की नई कहानी लिख रहा है।
*हर जिले में होगी एमएसएमई पार्क की स्थापना*
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राज्य सरकार का विजन है कि, हम प्रत्येक जिले में एक एमएसएमई पार्क की स्थापना करेंगे। इसके साथ ही, प्रदेश के 10 एमएसएमई क्लस्टर विकसित किए जाएंगे। भोपाल में इंजीनियरिंग सेक्टर हेतु 30 करोड़ रुपए की लागत से, नए केन्द्र की स्थापना की जा रही है।